Orange Alert for Storm

हरियाणा के 8 जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी

pp

Orange Alert for Storm

हरियाणा में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई जिलों के लिए तूफान, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और यमुनानगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है।

इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रोहतक जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान मौसम गतिविधियों से लोगों को अस्थायी राहत मिलेगी, लेकिन जून माह में एक बार फिर गर्मी अपना असर दिखा सकती है। अनुमान है कि पूरे जून महीने में हीटवेव की स्थिति बन सकती है और कई इलाकों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है।

हरियाणा के सिरसा और रोहतक में पहले ही तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि जून के तीसरे सप्ताह से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगेंगी, जिससे गर्मी और हीटवेव की तीव्रता में कमी आ सकती है। वहीं इस वर्ष मानसून के हरियाणा में सामान्य समय से लगभग एक सप्ताह देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।