खाटूधाम में सरेआम गुंडागर्दी: गेस्ट हाउस में घुसकर कर्मचारियों को पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई तोड़फोड़
Open hooliganism in Khatu Dham: Employees beaten up
Sikar News: सीकर के सुप्रसिद्ध बाबा श्याम की नगरी रिंगस के खाटूधाम में लोग दूर दराज के जिलों से बाबा श्याम के दरबार में धोंक लगाने आते है. जहां एक तरफ श्याम प्यारे की खाटू नगरी में हमेशा आस्था का सागर देखने को मिलता रहा है,वही अब इस नगरी में आपसी झगड़ों की खबरें चिंता का विषय बनती जा रही हैं. कभी श्याम भक्तों से मारपीट तो कभी दुकानदारों में आपस में झगड़ा तो कभी पुलिस से उलझना अब आम बात होती जा रही है. ताजा मामला आज(शुक्रवार) सुबह का है. जहां रिंगस स्थित गेस्ट हाउस संचालकों के बीच विवाद देखने को मिला. जिसमें बदमाशों ने न केवल कर्मचारियों के साथ मारपीट की, बल्कि गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी.
कैंपर में सवार होकर आए थे 7 हमलावर
झगड़े को लेकर गेस्ट हाउस संचालक हरफूल बाजिया ने खाटू श्याम जी थाने में मामला दर्ज कराया है. रिपोर्ट के अनुसार, 7 लोगों (सुनील कुमार शर्मा , दीपेंद्र, करण सिंह जीतू बूरढडक हरीश , परीक्षित , गोपाल शर्मा, अंकित पूनिया) एवं अन्य आज सुबह एक कैंपर में सवार होकर कृष्णम गेस्ट हाउस पहुंचे . आरोपियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्हें जाति सूची गालियां दी. उसके बाद जाते वक्त गेस्ट हाउस में जमकर तोड़फोड़ की , जिसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद है.
सीसीटीवी में कैद हुई तोड़फोड़ की लाइव घटना
सीसीटीवी में कैद हुई तोड़फोड़ की लाइव घटना जाते-जाते बदमाशों ने गेस्ट हाउस के फर्नीचर और अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की. उन्होंने गेस्ट हाउस के शीशे तोड़ दिए. हमले की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडों के साथ गुंडागर्दी करते नजर आ रहे हैं. घटना के बाद से ही इलाके के व्यापारियों और अन्य होटल संचालकों में असुरक्षा का माहौल है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
खाटूश्यामजी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान पुख्ता की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.