सिविल अस्पताल की आईसीयू में मृत मिली नर्सिंग ऑफिसर, हाथ में लगा था केनुला, हत्या का शक
Nursing Officer Found Dead in Civil Hospital ICU
अर्थ प्रकाश संवाददाता
पंचकूला। Nursing Officer Found Dead in Civil Hospital ICU: सिविल अस्पताल सेक्टर 6 में नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। नर्सिंग ऑफिसर प्रीति बैनीवाल इमरजेंसी वार्ड के एक कमरे में मृत पाई गई। तब उसके एक हाथ में केनुला लगा था। रविवार को वह दोपहर 2 बजे अपनी ड्यूटी पर आई थी। इसके बाद से घर नहीं लौटी। रात 8 बजे के बाद जव वह देर तक घर नहीं लौटी तब परिवार सहम गया। बेटी की तबियत खराब होने की खबर सुनते ही परिवार के सदस्य अस्पताल की तरफ दौड़े। वहां पहुंचे तो बेटी की मौत की खबर ने उन्हें तोड़ दिया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि प्रीति की मौत हत्या है या आत्म हत्या, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रीति बैनीवाल मूल रूप से हिसार की रहने वाली थी और परिवार के साथ सेक्टर 31 पंचकूला में रहती थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि प्रीति की यह पहली नौकरी अस्पताल में 2024 में लगी थी। अक्सर उसकी की ड्यूटी इमरजेंसी में होती थी और वह दोपहर को ड्यूटी आती थी। इमरजेंसी के एक कमरे में रात को कर्मचारियों ने उसे बेसुध हालत में पड़ा देखा। तब उसके हाथ में केनुला लगा था। सीनियर डॉक्टरों को इसकी जानकारी दी गई। यह सुनते ही स्टाफ में हड़कंप मच गया और प्रीति को तुरंत इमरजेंसी में लाया गया, जहां काफी कोशिश करने के बाद उसे बचाया नहीं जा सका। प्रीति का एक भाई हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में और दूसरा चुनाव आयोग में काम करता है। इस घटना के बाद से अस्पताल प्रबंधन ने चुप्पी साध रखी है। वहीं मृतका का परिवार और जानकार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मृतका के शव को एसएफएल एक्सपर्ट्स के साथ नमूनों की जांच पूरी कर मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार को पुलिस अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ करेगी। घटना के बाद प्रीति के मोबाइल लोकशन, सीसीटीवी कैमरों और ऑफिस कर्मचारियों के रजिस्टर की जांच होगी।