नूरपुर बस हादसा: चालक को 'हार्ट अटैक' आने से अनियंत्रित हुई बस; 24 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

नूरपुर बस हादसा: चालक को 'हार्ट अटैक' आने से अनियंत्रित हुई बस; 24 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

Nurpur bus accident: Driver suffers heart attack

Nurpur bus accident: Driver suffers heart attack

नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में रविवार सुबह एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस चंबा से ऊना रूट पर जा रही थी। देवीदर्शन नामक निजी बस सवारियों से पूरी तरह से भरी हुई थी। नूरपुर के न्याजपुर में बस ड्राइवर को हार्ट अटैक हो गया, इस कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि बस का टायर फटा था।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में सवार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सिविल अस्पताल नूरपुर में उपचार दिया जा रहा है। बस में अधिकतर सवारियां जिला चंबा की बताई जा रही हैं।

24 घायलों को गंभीर चोटें, 4 रेफर

चंबा से बस सुबह साढ़े छह बजे ऊना के लिए निकली थी और 11 बजे के करीब नूरपुर में पहुंचने पर यह हादसा हो गया। बस में 40 के करीब यात्री सवार थे। 24 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है चार लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।  

Nurpur Bus Accident 11

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हकीकत

प्रत्यक्षदर्शी बस में सवार व्यक्ति जो अस्पताल में उपचाराधीन हैं ने बताया कि ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था। इस दौरान मोड़ पर अचानक एक धमाका हुआ और बस पलट गई, इसके बाद अफरा तफरी मच गई और वह बुरी तरह से चोटिल हो चुके थे। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। 

Nurpur Bus Accident 2

पुलिस ने ट्रैफिक मोड़ा

बस बीच सड़क में पलटने से यातायात जाम हो गया। नूरपुर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए ट्रैफिक को डिफेंस रोड की ओर मोड़ दिया है, जिससे यातायात बहाल हो गया है।

सांसद व विधायक पहुंचे अस्पताल

कांगड़ा चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का व पूर्व विधायक अजय महाजन अस्पताल पहुंचे व घायलों का कुशलक्षेम जाना। साथ ही डॉक्टरों व अन्य टीम को उचित उपचार देने के निर्देश दिए।