अब बच्चे बिना बैंक अकाउंट भी कर सकेंगे UPI पेमेंट, पैरेंट्स के हाथ में रहेगा पूरा कंट्रोल, जानें कैसे
Paytm Pocket Money Feature
नई दिल्ली: Paytm Pocket Money Feature: देश की दिग्गज फिनटेक कंपनी पेटीएम (Paytm) ने एक शानदार नया फीचर 'पेटीएम पॉकेट मनी' लॉन्च किया है. इस फीचर की मदद से अब स्कूल और कॉलेज जाने वाले वो किशोर भी आसानी से स्वतंत्र रूप से UPI पेमेंट कर सकेंगे, जिनका अपना कोई बैंक खाता नहीं है. कंपनी ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को भेजी गई नियामक फाइलिंग में इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है.
माता-पिता का रहेगा पूरा कंट्रोल
पेटीएम ने बताया कि इस फीचर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बिना नकदी या बार-बार माता-पिता पर निर्भर रहे बिना पेमेंट करने की आजादी देना है. हालांकि, आजादी के साथ सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है. माता-पिता या परिवार का कोई भी भरोसेमंद सदस्य अपने ऐप से बच्चों के लिए मासिक खर्च की सीमा तय कर सकता है. साथ ही, वे रीयल-टाइम में यह भी देख सकेंगे कि बच्चे कहां और कितना पैसा खर्च कर रहे हैं.
ऐसे काम करेगा NPCI का 'UPI सर्किल'
यह नया फीचर नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा अगस्त 2024 में पेश किए गए 'UPI सर्किल' फ्रेमवर्क पर आधारित है. यूपीआई सर्किल के तहत, मुख्य बैंक खाताधारक (यानी माता-पिता) अपने अकाउंट का एक्सेस किसी सेकेंडरी यूजर (जैसे अपने बच्चे) को दे सकते हैं. इससे एक ही बैंक अकाउंट से जुड़े होने के बावजूद बच्चे अपने खुद के मोबाइल फोन से सुरक्षित भुगतान कर सकेंगे. अब उन्हें पेमेंट के लिए पैरेंट्स का फोन मांगने या बार-बार OTP के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी.
लिमिट और सुरक्षा के कड़े नियम
पेटीएम ने किशोरों की सुरक्षा और फिजूलखर्ची पर लगाम लगाने के लिए कड़े नियम बनाए हैं:
खर्च की सीमा: एक बार में अधिकतम ₹5,000 और पूरे महीने में कुल ₹15,000 तक का ही पेमेंट किया जा सकेगा.
कूलिंग पीरियड: सेटअप के पहले 30 मिनट में केवल ₹500 और पहले 24 घंटों में अधिकतम ₹5,000 का ही ट्रांजैक्शन संभव होगा.
सुरक्षा: बच्चे के फोन में डिवाइस लॉक होना अनिवार्य है. इसके अलावा, इस फीचर से इंटरनेशनल पेमेंट्स और कैश विड्रॉल नहीं की जा सकेगी. पैरेंट्स अपने पेटीएम यूपीआई पिन के जरिए जब चाहें इस एक्सेस को तुरंत ब्लॉक या मॉडिफाई कर सकते हैं.
कैसे करें एक्टिवेट?
सबसे पहले अपने फोन में Paytm App को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करें.
- ऐप खोलकर 'To Mobile/Contact' विकल्प पर टैप करें.
- वहां दिए गए 'Pocket Money' विकल्प को चुनें.
- अपने बच्चे का मोबाइल नंबर चुनें या दर्ज करें.
- उनका UPI QR कोड स्कैन करें या UPI ID डालें.
- जरूरी दस्तावेजों की डिटेल्स भरकर वेरिफिकेशन पूरा करें.
- बच्चे के लिए मासिक खर्च की लिमिट सेट करें.
- अपना प्राइमरी बैंक अकाउंट चुनकर UPI PIN डालें और इनविटेशन भेजें.
- अब बच्चे के फोन पर आए इनविटेशन को एक्सेप्ट करते ही सर्विस चालू हो जाएगी.