नोएडा: श्रम विभाग के 'बैकडेटेड' नोटिस से हड़कंप; 1 अप्रैल से पहले के ओवरटाइम पर भी देना होगा 'डबल पैसा'

नोएडा: श्रम विभाग के 'बैकडेटेड' नोटिस से हड़कंप; 1 अप्रैल से पहले के ओवरटाइम पर भी देना होगा 'डबल पैसा'

Noida: Uproar over Labor Department Backdated Notice

Noida: Uproar over Labor Department's 'Backdated' Notice

ग्रेटर नोएडा। एक अप्रैल से लागू नए वेतनमान और डबल ओवरटाइम भुगतान के नियम लागू होने के बाद अब श्रम विभाग के एक और नोटिस ने उद्योग जगत में गतिरोध पैदा कर दिया है। एक अप्रैल से पहले कराए गए ओवरटाइम का भी दोगुना भुगतान करने का नोटिस विभाग ने जारी कर 24 घंटे में इसका भुगतान करने को कहा है। इससे उद्यमियों में रोष बढ़ने लगा है।

श्रम विभाग का कहना है कि यह नियम पहले से मौजूद है और अब उसका सख्ती से पालन कराया जा रहा है। दोगुना ओवरटाइम का भुगतान करने पर पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। श्रमिक उपद्रव के बीच प्रदेश सरकार ने नए वेतनमान और ओवर टाइम का दोगुना एक अप्रैल से लागू कर दिया है।

हाल के श्रमिक प्रदर्शनों के बाद ये कदम उठाए गए

उद्यमी इस फैसले को अचानक लागू करने से परेशान हैं। अब पहले किए गए काम का भी दोगुना ओवर टाइम भुगतान करना आर्थिक बोझ बढ़ाएगा, खासकर जब कई फर्म पहले से ही न्यूनतम वेतन वृद्धि (21 प्रतिशत तक) से जूझ रही हैं। कुछ उद्यमियों ने श्रम विभाग से समय देने या राहत की मांग की है। हाल के श्रमिक प्रदर्शनों के बाद ये कदम उठाए गए हैं।

विभाग ने 203 से अधिक संविदाकारों पर कार्रवाई शुरू कर दी है और बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं उद्यमी संगठनों का कहना है कि इसका पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा। सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर नाराजगी जताएंगे।

नए वेतनमान के बाद अब एक अप्रैल से पहले का दोगुना ओवर टाइम भुगतान का नोटिस नियम संगत नहीं है। एक अप्रैल से नए वेतनमान व डबल ओवर की बात मानने के बाद फिर से उद्योगों पर आर्थिक बोझ डालने का प्रयास किया जा रहा है। यह पूरी तरह से अनुचित है। - पीके तिवारी, उद्यमी

पुराने ओवर टाइम का डबल भुगतान का आदेश मानने लायक नहीं है। इससे एमएसएमई सेक्टर पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। छोटी-छोटी इकाइयों पर लाखों रुपये का अतिरिक्त भार आएगा। इसकी भरपाई करना मुश्किल है। - संजीव शर्मा, अध्यक्ष आइईए गौतमबुद्ध नगर

श्रम विभाग ने कर्मचारी हित में कदम उठाया है। डबल ओवर टाइम हमारा हक है। ये हमें मिलना चाहिए। - राजीव सिंह, श्रमिक

श्रमिकों के लिए पहले भी ओवर टाइम का दोगुना भुगतान करने के नियम थे। इस पर अमल नहीं हो रहा था। श्रम विभाग पुराने मामले में भी दोगुना ओवर टाइम दिलाने का प्रयास कर रहा है। यह अच्छा है। - पवन कुमार, श्रमिक

ओवर टाइम का दोगुना देने का नियम पहले से ही है। कुछ ही स्थानों पर मालिक व संविदाकार एजेंसी इसका फायदा श्रमिकों को दे रही थी। इसमें घालमेल करने वालों को चिह्नित कर छह माह का बकाया दोगुना ओवर टाइम भुगतान के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। - राकेश द्विवेदी, अपर श्रमायुक्त गौतमबुद्ध नगर