नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 28 मार्च को उद्घाटन, जानिए कब शुरू होंगी उड़ानें
नोएडा: Noida International Airport to be inaugurated, नोएडा एयरपोर्ट का 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों उद्घाटन तय हो गया है. सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेंगे.वो नोएडा एयरपोर्ट, यमुना अथॉरिटी, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. पीएम मोदी 28 मार्च को नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे. इसमें एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचने की संभावना है.लेकिन अब सबके मन में यही सवाल है कि क्या उद्घाटन के साथ ही 28 मार्च को नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा. टिकटों की बुकिंग कब से होगी. किन रूटों पर उड़ानों का संचालन होगा और हवाई किराया कितना होगा.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) का उद्घाटन
खबरों के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को होगा और उसके बाद 45 दिनों के भीतर मई 2026 के मध्य तक यात्री (Commercial) उड़ानें पूरी तरह से शुरू होने की संभावना है. शुरुआती चरण में केवल घरेलू रूट और कार्गो (माल ढुलाई) की उड़ानें ही संचालित होंगी. अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 2026 की दूसरी छमाही (जुलाई-दिसंबर) में शुरू होने की उम्मीद है, जब घरेलू उड़ानें नियमित हो जाएंगी. एयरपोर्ट को हाल ही में DGCA से एयरोड्रम लाइसेंस मिल चुका है, जो उड़ानों के संचालन के लिए अंतिम जरूरी मंजूरी थी.

नोएडा एयरपोर्ट की टिकट बुकिंग
फ्लाइट टिकटों की बुकिंग उड़ानों के संचालन से लगभग 30-45 दिन पहले शुरू होती हैं. अनुमान है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अप्रैल 2026 के पहले या दूसरे हफ्ते से एयरलाइंस अपनी वेबसाइट पर बुकिंग पोर्टल खोल देंगी. इंडिगो (IndiGo), अकासा एयर (Akasa Air) और एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) अपनी घरेलू उड़ानें शुरू करेगी.