हिमाचल में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, उपभोक्ता एजेंसियों में भीड़ न लगाएं: नागरिक आपूर्ति निगम
- By Gaurav --
- Thursday, 09 Apr, 2026
No Shortage of LPG Cylinders in Himachal,
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव वर्मा ने सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उन्हें गैस एजेंसियों में व्यक्तिगत रूप से आने की आवश्यकता नहीं है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए उन्होंने बताया कि विभाग और निगम उपभोक्ताओं को उनके घर के पास ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
संजीव वर्मा ने कहा कि कई उपभोक्ता अनावश्यक रूप से एजेंसी परिसर में पहुंचकर सिलेंडर लेने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इसलिए उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे बेवजह गैस एजेंसियों में भीड़ न लगाएं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सेवा का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर का वितरण पूरी तरह डीएसी कोड के आधार पर किया जा रहा है। यह व्यवस्था पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी को रोकने के उद्देश्य से लागू की गई है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया कि सिलेंडर प्राप्त करते समय अपना मोबाइल फोन साथ रखें, ताकि कोड साझा करने में किसी प्रकार की देरी न हो। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।