यूपी में नौ आईएएस अधिकारियों के तबादले, कई को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
Nine IAS Officers Transferred in UP
लखनऊ। Nine IAS Officers Transferred in UP, प्रदेश सरकार ने रविवार की रात नौ आईएएस अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया है। इनमें कई वरिष्ठ अधिकारियों को उनके वर्तमान पद के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को नए पदों पर तैनात किया गया है।
प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज को उनके मौजूदा पद के साथ महानिदेशक, प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अनुराग यादव को अब प्रमुख सचिव आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग से हटाकर समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
आलोक कुमार-तृतीय को आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग के प्रमुख सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके पास प्रमुख सचिव नियोजन तथा कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के साथ ही वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के नोडल अधिकारी का पदभार भी हैं।
सौरभ बाबू को प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के साथ-साथ महानिदेशक दीनदयाल उपाध्याय एवं राज्य ग्राम्य विकास संस्थान का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
रवि रंजन को प्रबंध निदेशक, यूपी इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन से हटाकर विशेष सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग बनाया गया है। टीके शिबु को विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा से यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
प्रतीक्षारत चल रहे हिमांशु कौशिक को यूपी इलेक्ट्रानिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। प्रतीक्षारत चल रहीं सौम्या गुरुरानी को शाहजहांपुर का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार शाहजहांपुर में नगर आयुक्त के पद पर तैनात डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा को अपर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बनाया गया है।