यूपी बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल, पांच जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा
New District Presidents Announced in Five Districts
लखनऊ। New District Presidents Announced in Five Districts, भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी जोरदार तैयारी के क्रम में गुरुवार को पांच जिलाध्यक्षों का नाम घोषित कर दिया है। इनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानसभा क्षेत्र गोरखपुर महानगर के जिलाध्यक्षों के भी नाम हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बचे हुए पांच जिलाध्यक्षों की घोषणा कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नए पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
नियुक्तियों के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पद संभालने के बाद जिलाध्यक्षों की यह अंतिम सूची है। माना जा रहा है कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन में बदलाव शुरू कर दिए हैं। नए जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का टास्क दिया जाएगा।
भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को तीन प्रांत के पांच जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा की। अवध क्षेत्र के अंबेडकरनगर में दिलीप देव पटेल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पहले यहां त्रयंबक त्रिपाठी भाजपा के जिलाध्यक्ष थे। गोरखपुर क्षेत्र के गोरखपुर महानगर की कमान रमेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई है। देवेश श्रीवास्तव के निधन के बाद यह पद खाली चल रहा था। महानगर संयोजक के तौर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता कार्यभार देख रहे थे। देवरिया में काली प्रसाद को भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पहले यहां के जिलाध्यक्ष की कमान भूपेन्द्र सिंह के पास थी।
काशी प्रांत के वाराणसी में हंसराज विश्वकर्मा के स्थान पर राम सकल पटेल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। हंसराज विश्वकर्मा के योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री बनने से यह पद खाली था। हंसराज विश्वकर्मा भाजपा के प्रमुख ओबीसी नेताओं में गिने जाते हैं। इनके स्थान पर कमान भी ओबीसी नेता को दी गई है। काशी प्रांत के चंदौली में भाजपा ने काशीनाथ सिंह पर ही भरोसा जताया है। वह अपने पद पर बरकरार हैं।
पांच जिलों के जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा में भी भाजपा ने जातीय समीकरण साधे हैं। दो जिलों में ओबीसी, एक में दलित, एक में वैश्य और एक में क्षत्रिय को अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है। पूर्वांचल में पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, जबकि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है। ऐसे में इन दोनों जगहों पर संगठन की कमान अनुभवी चेहरों को सौंपी गई है।
राम सकल पटेल लंबे समय से वाराणसी में संगठन के काम देख रहे थे और जमीनी पकड़ रखते हैं। गोरखपुर महानगर की जिम्मेदारी रमेश प्रसाद गुप्ता को देकर पार्टी ने वैश्य समाज को साधने का संदेश दिया है। काशी नाथ सिंह चंदौली में संगठन के पुराने चेहरे हैं।
अंबेडकरनगर में दिलीप देव पटेल और देवरिया में काली प्रसाद को कमान देकर पार्टी ने स्थानीय समीकरण दुरुस्त किया है। सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों से प्रदेश नेतृत्व ने जल्द से जल्द कार्यभार संभालकर मंडल और सेक्टर स्तर तक कमेटियां गठित करने को कहा है। पार्टी का फोकस सदस्यता अभियान और आगामी चुनाव पर है।