नेपाल में बहुत भयानक हादसा; यात्रियों से भरी बस हाईवे से नदी में गिरी, 18 लोगों की मौत, मरने वालों में विदेशी नागरिक भी, कई घायल
Nepal Horrific Bus Accident 18 Dead Including Foreigners And Many Injured
Nepal Bus Accident: पड़ोसी मुल्क नेपाल के धादिंग जिले में एक बहुत भयानक सड़क हादसा हुआ है। यहां रविवार देर रात यात्रियों से भरी एक बस हाईवे से त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसा इतना दर्दनाक था की 18 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें रेस्क्यू करके इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। साथ ही मरने वालों में 2 से 3 विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पोखरा से काठमांडू जा रही थी बस
यह भीषण हादसा रात में डेढ़ बजे के करीब धादिंग जिले में गजुरी के पास पृथ्वी हाईवे पर हुआ। हादसा उस दौरान हुआ, जब यात्रियों से भरी यह बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी। लेकिन नेपाल की राजधानी से करीब 90 किलोमीटर पहले ही बस हादसे का शिकार हो गई और अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही राहत-बचाव कार्य के लिए स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बचाव कार्य के लिए नेपाल आर्मी के कर्मियों को भी तैनात किया गया।
हादसा हुआ कैसे?
हालांकि इतना बड़ा हादसा हुआ कैसे? बस अचानक किस तरह नदी में जा गिरी। इसकी जांच की जा रही है। शुरुवाती जांच में यह माना जा रहा है कि हादसे का कारण ओवर स्पीडिंग हो सकती है। फिलहाल नेपाल पुलिस फोर्स ने मृतकों के शव अपने कब्जे में ले लिए हैं और उनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आपको बता दें कि नेपाल की त्रिशूली नदी में बस के गिरने का यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले कई बसें इस नदी में गिर चुकी हैं और लोग मारे गए हैं.
