पंजाब चुनाव 2027: नवजोत कौर सिद्धू का बड़ा धमाका, सभी 117 सीटों पर लड़ेगी BRP
Navjot Kaur Sidhu Drops a Bombshell
चंडीगढ़। पंजाब की पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने एलान कर दिया कि उनकी भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (BRP) पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उनकी पार्टी किसानों के हितों के लिए अफीम की खेती की अनुमति के प्रस्ताव पर काम करेंगी ताकि अन्नदाताओं को मुनाफा हो।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नवजोत कौर सिद्धू ने अपने बयान में राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर नेताओं पर खुलकर भी राय रखी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अच्छे इंसान हैं और लगातार लोगों के मुद्दे उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्ति के काम को देखना चाहिए, न कि सिर्फ पार्टी को। प्रियंका गांधी को डॉ. सिद्धू ने अपनी बहन बताया। उन्होंने कहा कि चाहे नरेन्द्र मोदी हों, राहुल गांधी या प्रियंका गांधी- अगर कोई भी अच्छा काम करता है तो वह उसकी सराहना करेंगी।
जनता के लिए काम करने वाले नेताओं को मिले समर्थन: नवजोत कौर
नवजोत कौर ने यह भी कहा कि जनता के मुद्दों पर काम करने वाले नेताओं को समर्थन मिलना चाहिए। डॉ. सिद्धू ने साफ किया कि उनकी सोच किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्ति और उसके काम के आधार पर राय बनाती हैं।
राघव चड्ढा के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कई अहम मुद्दों को उठाया है, जो लोगों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में विरोध होना स्वाभाविक है, लेकिन अच्छे काम की सराहना हर किसी को करनी चाहिए।
नवजोत सिद्धू को लेकर क्या बोलीं नवजोत कौर
यह पूछे जाने पर कि क्या उनके पति अभी भी कांग्रेस में हैं, उन्होंने कहा कि वह किसी भी पार्टी में नहीं हैं। नवजोत ने कहा कि 2022 (पंजाब विधानसभा चुनावों) के बाद उन्हें नहीं बुलाया गया। अगर वह इसका हिस्सा होते, तो उन्हें किसी भी बैठक के लिए बुलाया जा सकता था।
यह पूछे जाने पर कि क्या आने वाले 2027 के चुनावों में सिद्धू की कोई भूमिका होगी, उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह सप्ताह में चार दिन काम करते हैं और हर दिन 15 लाख रुपये कमाते हैं।
बीआरपी को लेकर बोलीं नवजोत कौर
बता दें कि कौर 2012 में अमृतसर पूर्वी सीट से BJP के टिकट पर विधायक रही थीं। उन्होंने मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य) के रूप में भी कार्य किया था। उन्होंने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले अपने पति के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं।
कौर ने यहां पत्रकारों को बताया कि BRP कोई नई पार्टी नहीं है, और यह जून 2015 में रजिस्टर्ड हुई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी की अन्य राज्यों में भी इकाइयां हैं, लेकिन पंजाब में इसका कोई जाना-पहचाना चेहरा नहीं है। उन्होंने बताया कि BRP के अध्यक्ष अमलान बिस्वास ने उनसे संपर्क किया और उन्हें पार्टी का पंजाब प्रभारी नियुक्त किया।