यूपी में कुदरत का करिश्मा: लखनऊ में सुबह 8 बजे छाया अंधेरा, शिमला जैसा हुआ तापमान; 60 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट'
Natural wonder in Uttar Pradesh: Lucknow plunges into darkness
लखनऊ। प्रदेशभर में भीषण गर्मी के बीच पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सोमवार को लखनऊ समेत करीब 50 से अधिक जिलों में अचानक मौसम बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और सुबह साढ़े आठ बजे ही अंधेरा छा गया। गरज-चमक के साथ तेज हवा और बारिश होने लगी। इस दौरान सड़कों पर चलने वाले वाहनों को लाइट जलानी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के पूर्वी से लेकर पश्चिमी हिस्सों तक तेज आंधी, मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 60 जिलों में आरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे प्रशासन भी सतर्क हो गया है। इसका असर राजधानी में भी दिखेगा।
लखनऊ और आसपास के जिलों में भी तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। अगले दो दिन 40 से अधिक जिलों में वज्रपता की भी चेतावनी जारी की गई है। वर्षा, ओलावृष्टि और तेज हवा के चलते दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
लखनऊ में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर से सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हुआ है। बारिश और तेज हवा चलने का सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहेगा। सोमवार को लखनऊ का तापमान शिमला और नैनीताल जैसा हो गया।
राजधानी में दिन का पारा 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस कम है। हालांकि, रात का पारा अभी भी सामान्य से अधिक 24 डिग्री सेल्सियस बना है। राज्य के अधिकतर जिलों का दिन का तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
बाराबंकी में 26.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा दिन रहा। 28.5 डिग्री सेल्सियस के साथ हरदोई दूसरे नंबर पर रहा। हरदोई में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात रही। 10 मई से मौसम फिर करवट लेगा और तेज धूप के साथ भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा।