पिथौरागढ़ में कुदरत का कहर: भारी बारिश और अंधड़ से तबाही; सड़कें बही, घरों पर गिरे पेड़

पिथौरागढ़ में कुदरत का कहर: भारी बारिश और अंधड़ से तबाही; सड़कें बही, घरों पर गिरे पेड़

Natural disaster in Pithoragarh

Natural disaster in Pithoragarh

पिथौरागढ़। सीमांत जिले में मौसम ने कहर बरपाया है। शनिवार को पिथौरागढ़ नगर में भारी ओलावृष्टि के बाद 48 एमएम वर्षा ने कहर बरपाया। नगर के न्यू भाटकोट में नगर निगम की सड़क ध्वस्त हो गई एक मकान खतरे में आ गया, बिजली पोल गिर गया।
रविवार दिन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चले अंधड़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बेरीनाग के संगोड़ में मकान पर विशाल पेड़ गिरा तो पीपली में एक चाय का ढाबा ध्वस्त हो गया।

डीडीहाट में बैंकेट हाल की छत उड़ गई और कई पेड़ गिर गए। पिथौरागद़ - झूलाधाट मार्ग पर बगरतोली के पास वृक्ष गिरने से यातायात प्रभाविता रहा। गौरीहाट में एक मकान की रेलिंग टूट गई। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से काफी नुकसान की सूचनाएं हैं।

जनपद में सप्ताह भर से जारी मूसलाधार बारिश और अंधड़ ने भारी तबाही मचाई है। जिले के विभिन्न हिस्सों में मकान ढहने, सड़कें टूटने और पेड़ गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

सबसे गंभीर स्थिति मुख्यालय की न्यू भटकोट कालोनी में देखने को मिली, जहां नगर निगम द्वारा हाल ही में बनाई गई सड़क भारी बारिश के चलते बह गई है। सड़क टूटने के कारण बिजली का पोल भी गिर गया, जिससे पूरे मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।

स्थानीय निवासी जगदीश सिंह मेहता और जयंती बिष्ट के मकानों पर भारी खतरा मंडरा रहा है। आक्रोशित कालोनी वासियों ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से तत्काल सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की है। पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, पीएस डीनिया आदि ने प्रशासन से मकानों को बचाने की मांग की है।

बेरीनाग। तहसील के सांगड़ गांव में भी अंधड़ का तांडव देखने को मिला, जहां पुष्कर सिंह धानिक और सुनील सिंह धानिक के घर की छत पर पेड़ गिर गया।

गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। भवन की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पीपली गांव में अधंड़ से हर सिंह भंडारी का चाय का ढाबा ध्वस्त हो गया।

ग्राम प्रधान हिमांशु आगरी ने बताया कि पीड़ित एक आंख से दिव्यांग है और अंत्योदय परिवार की श्रेणी में आता है प्रशासन से तत्काल आर्थिक मदद की मांग की है।

झूलाघाट क्षेत्र के गौरीहाट में रंजीत सिंह धरियाल के मकान की रेलिंग बारिश के दबाव से टूटकर गिर गई।

बडालू निवासी अनिल चंद के अनुसार, पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग पर बगडतोली के पास चीड़ का पेड़ गिरने से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे दर्जनों गांवों के यात्री फंसे रहे। डीडीहाट तहसील क्षेत्र में रविवार के अंधड़ से व्यापक नुकसान हुआ है।

डीडीहाट नगर में मिलन वैंकट हाल की छत उड़ी , गनीमत रही कि कोई भी इसकी चपेट मे नहीं आया। जंगलों में कई वृक्ष गिर चुके हैं। दूरस्थ क्षेत्रों से अभी नुकसान की सूचनाएं नहीं मिली हैं। पिथौरागढ़ में सर्वाधिक 48.0 मिमी  गंगोलीहाट में 37.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

स्थान वर्षा (मिली)

पिथौरागढ: 48.0

गंगोलीहाट: 37.0

बंगापानी: 13.0

देवलथल: 10.2

धारचूला: 9.4

कनालीछीना: 9.0

गणाई गंगोली: 9.0

बेरीनाग: 8.3

थल: 6.0

तेजम: 3.0

मुनस्यारी: 0.8

डीडीहाट: 0.4