नगर निगम सदन में बैनर को लेकर हंगामा, आप-कांग्रेस आमने-सामने
नगर निगम सदन में बैनर को लेकर हंगामा, आप-कांग्रेस आमने-सामने
कभी नगर निगम में साथ मिलकर सत्ता चला चुकी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच अब तल्खियां खुलकर सामने आने लगी हैं। जनरल हाउस की बैठक के दौरान सदन में लगे एक बैनर को लेकर दोनों दलों के पार्षदों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
बताया गया कि बैठक के दौरान एक बैनर प्रदर्शित हुआ, जिस पर लिखा था— “जिसने गठबंधन तुड़वाया, वो जरनैल है।” इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इस तरह के संदेश सदन की गरिमा के विपरीत हैं।
वहीं, आप पार्षदों ने पलटवार करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सवाल उनसे नहीं, बल्कि पार्टी के सांसद से पूछा जाना चाहिए। इस बयान के बाद सदन का माहौल और अधिक गर्म हो गया।
मौके का फायदा उठाते हुए भाजपा पार्षदों ने भी दोनों दलों के बीच चल रही खींचतान पर तंज कसे। भाजपा का कहना था कि जो दल पहले साथ मिलकर सत्ता चला रहे थे, वही अब एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
हंगामे के बीच मेयर सौरभ जोशी ने हस्तक्षेप किया और सभी पार्षदों को सदन की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। मेयर ने कहा, “सांसद सदन के सदस्य हैं। चाहे जरनैल सिंह हों या कोई अन्य, व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।”
मेयर की अपील के बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई, लेकिन सदन में राजनीतिक तल्खी साफ दिखाई दी।