'आप सभी को मेरा शुभाशीष', UP Board Exam से पहले सीएम योगी ने छात्रों का बढ़ाया मनोबल
UP Board Exam 2026
UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षा से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के विद्यार्थयों को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट के जरिए सीएम योगी ने परीक्षा में बैठने जा रहे विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनका हौसला भी बढ़ाया है। साथ ही सीएम ने कहा है कि पूर्ण विश्वास है कि आपने वर्ष भर जो कठिन परिश्रम किया है, उसका सकारात्मक परिणाम आप सभी को अवश्य प्राप्त होगा।
सीएम योगी ने सोमवार को की गई इस पोस्ट में लिखा- ‘मेरे प्रिय विद्यार्थियों, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं कल से प्रारंभ हो रही हैं। आप सभी को मेरा शुभाशीष। परीक्षाएं केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन नहीं हैं, बल्कि यह आपके धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। पूर्ण विश्वास है कि आपने वर्ष भर जो कठिन परिश्रम किया है, उसका सकारात्मक परिणाम आप सभी को अवश्य प्राप्त होगा। माँ सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे।’
इतने परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
इस वर्ष 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 विद्यार्थी शामिल हैं। प्रदेश भर में कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 222 केंद्र अति संवेदनशील और 668 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने चेताया
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित प्रश्नपत्रों को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि परिषद की मीडिया सेल के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षार्थियों को गुमराह करने और बोर्ड परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने के उद्देश्य से कूटरचित प्रश्नपत्र प्रसारित कर रहे हैं। परिषद ने स्पष्ट किया है कि वायरल किए जा रहे प्रश्नपत्रों का वास्तविक परीक्षा से कोई संबंध नहीं है। साथ ही परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में साइबर सेल को एफआईआर दर्ज कर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
333 केंद्रों पर 1.95 लाख आज देंगे परीक्षा : जनपद में 333 केंद्रों पर कुल 1,95,836 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। हाईस्कूल (कक्षा 10) में 94,393 संस्थागत और 158 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जबकि इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में 96,744 संस्थागत और 4,541 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं।
ये हैं टोल फ्री नंबर
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने लखनऊ स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय में बने राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का मंगलवार को उद्घाटन किया। टोलफ्री हेल्पलाइन नबर 18001806607 व 18001806608 तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज का टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 18001805310 एवं 18001805312 है। इसके अलावा ईमेल upmspexam [email protected], एक्स हैंडल, @upmspexam2026 व्हाट्सएप नंबर 9235822913 से भी संपर्क किया जा सकता है।