बरेली में होली से पहले संगीत महोत्सव: सुनिधि, कैलाश खेर और सोनू निगम करेंगे धमाका
Music festival in Bareilly before Holi
बरेली। Music festival in Bareilly before Holi: गाने, बजाने और झूमने के लिए हो जाइए तैयार, क्योंकि झुमका नगरी में इस बार सुरों की ऐसी महफिल सजेगी कि बालीवुड भी देखता रह जाएगा। होली से पहले ही शहर की फिजाओं में रंगों के साथ-साथ संगीत का गुलाल उड़ने वाला है। शहर के अलग-अलग कोनों में बालीवुड के तीन दिग्गज सितारे अपनी आवाज का जादू बिखेरने के लिए बिल्कुल तैयार हैं।
आयोजनों का उद्देश्य भले ही अलग-अलग हो, लेकिन शहर में संगीतमयी माहौल बन गया है। सिलसिला शुरू होगा 24 फरवरी को, जब दमदार आवाज से स्टेज पर आग लगाने वाली राकस्टार सुनिधि चौहान कदम रखेंगी। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के 'इन्वर्शिया' में सुनिधि का शो होगा। युवाओं में इस बात को लेकर जबरदस्त क्रेज है कि सुनिधि हाई-वोल्टेज परफारमेंस से शाम को 'मोस्ट मेमोरेबल' बनाने वाली हैं।
अभी सुनिधि के गानों की गूंज थमी भी नहीं होगी कि 26 फरवरी को राजश्री ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के स्थापना दिवस पर पद्मश्री कैलाश खेर अपनी रूहानी आवाज का तड़का लगाएंगे। 'अल्लाह के बंदे' और 'तेरी दीवानी' जैसे सुरीले नगमों से कैलाश खेर बरेली को भक्ति और सूफियाना अंदाज के एक अलग ही संसार में ले जाएंगे।
28 को चलेगा सदाबहार गायक सोनू निगम का जादू
इस सुरीले सफर में 28 फरवरी को हिंदी सिनेमा के 'सदाबहार गायक' सोनू निगम दैनिक जागरण की ओर आयोजित कार्यक्रम में बीएल एग्रो स्टेडियम में अपना जादू चलाएंगे। सोनू के चाहने वाले हर उम्र के लोग हैं, ऐसे में लोगों पर उनके गानों का सुरूर अभी से चढ़ने लगा है। लोगों ने अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए टिकट बुक कर लिए हैं।
बरेली ही नहीं आसपास के जिलों से भी लोग इस शो में शामिल होने के लिए आतुर हैं। यह अपने आप में सबसे यादगार आयोजन माना जा रहा है, जहां सोनू निगम की आवाज सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में जुटेंगे।
शहर में मची 'टिकट और जुगाड़' की होड़
इंटरनेट मीडिया पर शहरवासियों का उत्साह चरम पर है। वाट्सएप ग्रुप्स से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, बस इन्हीं तीन शामों की चर्चा है। आलम यह है कि जहां कुछ लोग टिकट्स की खरीददारी कर रहे हैं। वहीं कुछ पास की जुगाड़ में दिन-रात फोन घुमाने में लगे हैं। शहर के लिए यह गर्व की बात है कि होली से पहले बालीवुड के तीन गायक शहर को झूमने पर मजबूर करेंगे।