Mohan Lal Badoli Assumes Charge

HBPE के चेयरमैन बने मोहन लाल बड़ौली, बोले- पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा जिम्मेदारी

mohanlal

Mohan Lal Badoli Assumes Charge

हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मोहन लाल बड़ौली ने सोमवार को हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज (HBPE) के चेयरमैन के रूप में विधिवत कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।

कार्यभार संभालने के बाद बड़ौली ने कहा कि HBPE की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी उपक्रमों की कार्यक्षमता बढ़ाने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर और संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सरकार कठोर कानूनों और सख्त दंड के माध्यम से बच्चों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान मोहन लाल बड़ौली ने पंजाब में पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए दोषियों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है।