गेहूं के MSP में 160 रुपये बढ़ोतरी पर किसानों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, बढ़ती गर्मी से पैदावार की चिंता
- By Gaurav --
- Tuesday, 24 Mar, 2026
Mixed Reactions from Farmers as Wheat
हरियाणा सरकार ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 160 रुपये की बढ़ोतरी कर किसानों को बड़ी राहत दी है। हालांकि इस फैसले पर किसानों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ किसान सरकार के इस फैसले से संतुष्ट नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि बढ़ोतरी अभी भी पर्याप्त नहीं है।
किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। मजदूरी और अन्य खर्चों में इजाफा हुआ है, जबकि मार्च की शुरुआत में ही तापमान में तेजी से वृद्धि होने लगी है, जिससे गेहूं की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।
उनका कहना है कि रात के समय तापमान में गिरावट और दिन में तेज गर्मी के कारण फसल में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बढ़ते तापमान के कारण गेहूं के दाने का पूरा विकास नहीं हो पाता, जिससे उत्पादन घट सकता है।
किसानों के अनुसार पहले जहां प्रति एकड़ 20 से 22 क्विंटल गेहूं की पैदावार होती थी, वहीं इस बार यह घटकर 12 से 15 क्विंटल के बीच रह सकती है।
वहीं कुछ किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा बढ़ाया गया समर्थन मूल्य ठीक है, लेकिन फसल के पूरी तरह पककर मंडी में बिकने तक चिंता बनी रहती है कि कहीं मौसम की मार से नुकसान न हो जाए।
मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि इस समय हल्की बारिश होती है तो गेहूं की फसल को फायदा हो सकता है, लेकिन अगर बारिश एक सप्ताह बाद होती है तो नुकसान की आशंका बढ़ जाएगी। वहीं ओलावृष्टि होने की स्थिति में फसल को भारी नुकसान हो सकता है।