मिचेल मार्श ने बढ़ाई चेन्नई की टेंशन, प्लेऑफ की उम्मीदों को दिया करारा झटका
LSG vs CSK IPL 2026
LSG vs CSK IPL 2026: मिशेल मार्श के 38 गेंदों पर तूफानी 90 रन और निकोलस पूरन के आखिर में लगातार 4 छक्कों की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से करारी शिक्स्त दे दी.
लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में CSK ने 187/5 का स्कोर खड़ा किया था, जिसमें कार्तिक शर्मा के T20 करियर के सर्वश्रेष्ठ 71 रन और शिवम दुबे के नाबाद 32 रनों का अहम योगदान रहा. लेकिन मार्श और जोश इंग्लिस ने 135 रनों की ओपनिंग साझेदारी करके शुरुआत से ही मैच का माहौल अपने पक्ष में कर लिया.
मार्श ने 236.84 के चौंका देने वाले स्ट्राइक रेट से नौ चौके और सात छक्के जड़े. हालांकि, एक दुर्भाग्यपूर्ण रन-आउट ने उन्हें शानदार शतक बनाने से महज दस रन पहले ही रोक दिया.
उनके, इंग्लिस और अब्दुल समद के जल्दी-जल्दी आउट होने के बाद, पूरन ने कुछ जोरदार शॉट लगाते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 32 रन ठोक दिए. उन्होंने एक चौका और चार छक्के जड़कर LSG को 20 गेंदें शेष रहते ही जीत दिला दी, और साथ ही CSK की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी जोरदार झटका दिया.
मार्श ने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, इंग्लिस ने 32 गेंदों में 36 रन बनाकर उनका बखूबी साथ निभाया, लेकिन अंततः मुकेश की गेंद पर आउट हो गए. ठीक अगली ही गेंद पर, मार्श भी दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हो गए, पूरन के सीधे शॉट को नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े मुकेश ने हल्के से छू दिया, जिससे गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई और मार्श 90 रनों के स्कोर पर रन-आउट हो गए.
कंबोज के लिए यह एक बुरा सपना साबित हुआ, उन्होंने 2.4 ओवर में 63 रन दिए. इससे पहले चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 187 का स्कोर खड़ा किया. लखनऊ की तरफ से आकाश महाराज सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए.
मिशेल मार्श को उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
LSG vs CSK: स्कोरकार्ड
चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 187/5 (कार्तिक शर्मा 71, शिवम दुबे 32 नाबाद; आकाश सिंह 3-26, मोहम्मद शमी 1-41)
लखनऊ सुपर जायंट्स 16.4 ओवर में 188/3 (मिचेल मार्श 90, जोश इंग्लिस 36; मुकेश चौधरी 1-24, स्पेंसर जॉनसन 1-39)