शिमला से लापता नाबालिग चंडीगढ़ में सकुशल बरामद

शिमला से लापता नाबालिग चंडीगढ़ में सकुशल बरामद

Missing minor from Shimla found safe

Missing minor from Shimla found safe

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला से लापता नाबालिग लड़का चंडीगढ़ में पहुंच गया। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया अकाउंट की तकनीकी निगरानी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को चंडीगढ़ से सकुशल बरामद कर परिवार के सुपुर्द कर दिया है। जानकारी के अनुसार थाना ढली में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शिकायतकर्ता रितिक निवासी भट्टाकुफर ने बताया कि उनका 17 वर्षीय नाबालिग भाई, जो सरकारी विद्यालय में जमा दो कक्षा का छात्र है, घर से विद्यालय जाने के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस से सहायता मांगी।

जांच पड़ताल में मिला सुराग

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल नंबर और इंटरनेट मीडिया खातों की तकनीकी जांच की। उसके संपर्कों, संदेशों और हाल की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। साथ ही उसके मित्रों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों से पता चला कि नाबालिग चंडीगढ़ में मौजूद हो सकता है।

पुलिस ने सकुशल किया बरामद

इसके बाद पुलिस ने परिजनों के सहयोग से संबंधित स्थान पर पहुंचकर उसे सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नाबालिग को परिवार के हवाले कर दिया गया। थाना ढली पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस की अभिभावकों को सलाह

जिला पुलिस शिमला ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके इंटरनेट मीडिया उपयोग पर निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।