लगातार तीसरी बार सब-जूनियर लीग चैंपियन बना मिनर्वा, रचा इतिहास
Minerva Becomes Sub-Junior League Champion
चंडीगढ़, 13 मई 2026 : भारतीय युवा फुटबॉल में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए मिनर्वा एकेडमी एफसी ने लगातार तीसरी बार एआईएफएफ सब-जूनियर लीग का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही क्लब ने अंडर-13 और अंडर-14 श्रेणियों में कुल चार एआईफएफ यूथ लीग ट्रॉफियां जीतकर नया इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में मिनर्वा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लासिक फुटबॉल एकेडमी को 4-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल में शुरुआत से ही मिनर्वा का दबदबा देखने को मिला। आठवें मिनट में मुख्तार ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई और मुकाबले की दिशा तय कर दी। इसके बाद 23वें मिनट में नागाइस ने बेहतरीन गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। मिनर्वा ने लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए हाफ टाइम से पहले तीसरा गोल भी कर दिया, जिससे मुकाबला लगभग एकतरफा हो गया।
दूसरे हाफ में क्लासिक फुटबॉल अकादमी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मिनर्वा की मजबूत डिफेंस और अनुशासित खेल के आगे विपक्षी टीम ज्यादा असर नहीं छोड़ सकी। मैच के 90वें मिनट में लांचेम्बा ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया और टीम की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी।
पूरे टूर्नामेंट में मिनर्वा अकादमी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टीम ने कुल 112 गोल दागे, जबकि केवल 17 गोल खाए। इसके अलावा छह क्लीन शीट भी दर्ज कीं। आक्रामक और संतुलित खेल ने मिनर्वा को प्रतियोगिता की सबसे मजबूत टीम साबित किया।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो न्गाइयाजा जिंग्यो 17 गोल के साथ टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे। रिमोसन सिंह हुइद्रोम ने 14 गोल किए, जबकि थांगमिंगुन किपगेन ने 12 गोल दागे। मुख्तार और बिक्सन ने भी 12-12 गोल कर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
लगातार तीन बार सब-जूनियर लीग जीतने और कुल चार AIFF यूथ लीग खिताब हासिल करने के साथ मिनर्वा अकादमी एफसी ने भारतीय ग्रासरूट फुटबॉल में अपनी मजबूत पहचान और विकास मॉडल को फिर साबित कर दिया है।