मिका सिंह की राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात, नशा विरोधी अभियान के समर्थन में चंडीगढ़ में मेगा शो का ऐलान
Mika Singh Meets Governor Gulab Chand Kataria
चंडीगढ़, 2 मई: Mika Singh Meets Governor Gulab Chand Kataria: पंजाबी और बॉलीवुड गायक मिका सिंह ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से पंजाब लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान राज्यपाल ने मिका सिंह से राज्य में चल रहे नशा विरोधी अभियान से जुड़कर युवाओं को जागरूक करने की अपील की। गायक ने इस पहल का समर्थन करते हुए अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में प्रशासन के सहयोग से एक भव्य मेगा शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग राशि को नशा विरोधी मुहिम के लिए समर्पित किया जाएगा।

बैठक में पंजाबी भाषा, संस्कृति और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों ने पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसके अतिरिक्त, राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने और फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मिका सिंह ने सुझाव दिया कि पंजाब में विश्वस्तरीय फिल्म सिटी विकसित की जाए, जिससे न केवल फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।