Middle East Tensions Trigger Fuel Rush

मध्य-पूर्व तनाव का असर रेवाड़ी में दिखा, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़; कई जगह स्टॉक खत्म

pp

Middle East Tensions Trigger Fuel Rush

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब हरियाणा के रेवाड़ी में भी दिखाई देने लगा है। ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ती तनातनी के बीच शहर में पहले गैस सिलेंडरों को लेकर लंबी कतारें देखने को मिल रही थीं, और अब पेट्रोल पंपों पर भी अचानक भीड़ बढ़ गई है। कई पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है, जिससे वाहन चालकों को बिना ईंधन के लौटना पड़ रहा है।

मंगलवार को राजेश पायलट चौक स्थित इंडियन ऑयल के HIM फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल खत्म होने से बड़ी संख्या में ग्राहकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। संभावित कमी की आशंका के चलते लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे सामान्य दिनों की तुलना में मांग कई गुना बढ़ गई है।

पंप कर्मचारी महावीर ने बताया कि पहले एक टैंकर में आने वाला लगभग 12 हजार लीटर पेट्रोल करीब तीन दिन तक चलता था, लेकिन मौजूदा स्थिति में यही स्टॉक अब सिर्फ डेढ़ दिन में ही खत्म हो रहा है। उनके अनुसार, लोगों में यह आशंका है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात और बिगड़ते हैं तो तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से कई लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम तक पूरा स्टॉक खत्म हो गया था और नया टैंकर अगले दिन शाम तक पहुंचने की संभावना है। तब तक ग्राहकों को अन्य पेट्रोल पंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई लोग एक पंप से दूसरे पंप तक पेट्रोल की तलाश में भटकते नजर आए। शहर में अचानक बढ़ी मांग ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।