पंजाब में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में पारा 47 डिग्री तक पहुंचा, लू का अलर्ट जारी
Severe Heatwave Grips Punjab
अमृतसर। Severe Heatwave Grips Punjab, पंजाब में गर्मी ने अब तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के लगभग सभी प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य का औसत अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री बढ़ा। ये तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 19 मई से 22 मई तक कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, अब आने वाले दिनों में कहीं भी राहत मिलती नहीं दिख रही है।

फरीदकोट में 45 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अमृतसर में 42 डिग्री, लुधियाना में 42.2 डिग्री, पटियाला में 44 डिग्री, फरीदकोट में 45 डिग्री, फाजिल्का में 42.6 डिग्री, फिरोजपुर में 42 डिग्री और चंडीगढ़ में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। होशियारपुर, मोहाली और गुरदासपुर जैसे क्षेत्रों में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
जानें आने वाले दिनों में कैसे रहेंगे हालात
19 मई- फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा जिलों में लू का यलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
20 मई- लू का असर और बढ़ सकता है। इस दिन अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और पटियाला सहित अधिकांश जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
21 मई- पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, लुधियाना, मोगा, बठिंडा, मानसा, संगरूर, फिरोजपुर, फरीदकोट और फाजिल्का जिलों में लू का यलो अलर्ट रहेगा।
22 मई- राहत मिलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर जिलों में लू की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। खासकर सीमावर्ती और मालवा क्षेत्र के जिलों में गर्मी ज्यादा परेशान कर सकती है।
लू से रखें खुद का ध्यान
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण बिजली की मांग और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।