"मेरठ: वीडियो कांफ्रेंस में न जुड़ने पर एसएसआइ लोहियानगर सस्पेंड, विभागीय जांच के आदेश"
"Meerut: SSI Lohianagar suspended for not joining video conference
मेरठ। वीडियो कांफ्रेंसिंग में नहीं जुड़ने पर एसएसआइ लोहियानगर को एसएसपी ने वायरलेस सेट पर ही सस्पेंड कर दिया। लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर क्राइम की विभागीय जांच के आदेश दिए गए। बताया जाता है कि लोहियानगर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों की लगाकर शिकायत एसएसपी तक पहुंच रही है।
हाल में भी इस थाने के दो दारोगा को 20 लाख की वसूली करने पर जेल भेजा गया था। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि लोहियानगर थाने पर तैनात एसएसआइ वीरेंद्र सिंह की लगातार शिकायतें मिल रही थी। मंगलवार की रात वीडियो कांफ्रेसिंग में भी एसएसआइ नहीं जुड़े, जबकि इंस्पेक्टर क्राइम नेत्रपाल सिंह को भी आदेश दिया था कि वह एसएसआइ को कांफ्रेंसिंग में जुड़ने के लिए कहें। उसके बाद भी एसएसआइ नहीं जुड़े।
लापरवाही बरतने पर एसएसआइ वीरेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। इंस्पेक्टर क्राइम की विभागीय जांच के आदेश दिए। बता दें कि हाल ही में दारोगा लोकेंद्र साहू और महेश गंगवार को 20 लाख की वसूली करने के मामले में जेल भेजा गया है। उसके बाद भी लोहियानगर पुलिस सुधरने का नाम नहीं ले रही है। एसएसपी ने स्पष्ट कर दिया कि कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सीधे कार्रवाई होगी।
सड़क किनारे सूखी घास में लगी आग
मेरठ : टीपीनगर थाना क्षेत्र में जसवंत शुगर मिल के सामने सड़क किनारे सूखी घास में बुधवार दोपहर में आग लग गई। पुलिस ने दमकल की एक गाड़ी को मंगाकर आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि घास में किसी ने सुलगती बीड़ी या सिगरेट फेंक दी होगी। जिससे आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया था।