मेरठ में रोडरेज के बाद खौफनाक तांडव: कार बोनट पर युवक को 500 मीटर घसीटा, मासूम समेत 8 घायल
Meerut: Road rage ensues after youth dragged 500 meters
मेरठ। फतेहउल्लापुर 60 फुटा रोड पर रोडरेज के बाद एक कार को तेज रफ्तार से दौड़ाया गया। आरोपित ने कार के सामने आने वाले को टक्कर मारते हुए तीन किमी तक दौड़ाया। इस दौरान ई-रिक्शा और दो बाइकों को टक्कर मारी, जिससे दो वर्षीय बच्चे समेत आठ लोग घायल हो गए।
आरोपित ने एक युवक को बोनट पर 500 मीटर तक घसीटा। गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।
समर गार्डन निवासी अयान अपनी बहन के साथ वैन्यू कार से फतेहउल्लापुर जा रहा था। अलीबाग कॉलोनी के पास उसकी कार वैगनआर से टकरा गई। वैगनआर सवार ने अयान की पिटाई कर दी। अयान ने कार दौड़ा दी।
सुऐब नामक युवक ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे टक्कर मार दी गई और वह बोनट पर गिर पड़ा। आरोपित ने कार नहीं रोकी और उसे 500 मीटर तक घसीटा। आगे ई-रिक्शा को टक्कर मारी, जिससे वह पलट गया। इसमें चालक नासिर, सायरा, वहीदन और दो वर्षीय बच्चा घायल हो गए। मोहसीन और अमदनगर में बाइक सवार महराज और शादाब को भी टक्कर मारी गई।
पिलोखड़ी चौकी के सामने पुलिस ने आरोपित को पकड़ा। लोगों ने कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल और पुलिस मौके पर पहुंची। लोहियानगर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया।
कार की टक्कर से घायल महिलाओं और बच्चे को फलहा-ए-आम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली गई है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।