मथुरा के वृंदावन में बहुत बड़ा हादसा; यमुना नदी में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव, DIG ने कहा- अब तक 10 लोगों की मौत, CM भी एक्टिव
Mathura Vrindavan Boat Capsized in Yamuna River 10 Deaths Update
Mathura Boat Accident News: उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन में बहुत दुखद हादसा हुआ है। यहां श्रद्धालुओं से भरी मोटर वाली नाव (स्टीमर) यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। जबकि 10 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा नदी में अभी कुछ और लोग लापता बताए जा रहे हैं। जिनके लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। पुलिस के साथ-साथ स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की टीम लोगों को बचाने में लगी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
सामने आई जानकारी के अनुसार, स्टीमर नाव में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। यह हादसा केशी घाट और वंशी वट के पास यमुना नदी में हुआ। बताया जा रहा है कि स्टीमर नाव यमुना नदी में पहले सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन तभी अचानक पीपो के पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव का संतुलन पूरी तरह से बिगड़ गया। इसके बाद नाव अनियंत्रित होकर नदी में पलट गई और श्रद्धालु डूबने लगे। जिससे उनमें चीख-पुकार मच गई। इस बीच आसपास भी अफरातफरी का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत मदद करने की कोशिश की। तुरंत को पुलिस को सूचना दी गई।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की टीम ने आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कोशिश यही की गई की नदी में से जल्दी से जल्दी और ज्यादा से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला जा सके और उनकी जान बचाई जा सके। नदी से रेस्क्यू कर घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। नदी में डूबे लोगों की तलाश के लिए अभी भी सघन अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ, जिससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
DIG ने कहा- अब तक 10 लोगों की मौत
मथुरा रेंज DIG शैलेश कुमार पांडे ने बताया, "लगभग 3:15 बजे केशी घाट और वंशी वट के पास यमुना नदी में नाव दुर्घटनाग्रस्त हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव में लगभग 25 से 27 लोग सवार बताए जा रहे हैं। टकराने का प्रथम दृष्टया कारण जो लोग बता रहे हैं, वो यह है कि नाव पोंटून पुल से टकरा गई, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। घटनास्थल से अब तक 10 शव बरामद किए जा चुके हैं। फायर सर्विस और पुलिस की टीमें, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों के साथ मिलकर यहां राहत और बचाव कार्यों में पूरी सक्रियता से जुटी हुई हैं। NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर पहुंच रही हैं। जो लोग अभी भी लापता हैं, उनकी तलाश की जा रही है।''
हादसे को लेकर CM योगी एक्टिव
इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलते ही यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ एक्टिव मोड में हैं। उन्होंने हादसे को लेकर गहरा दुख जताया है और संबन्धित अफसरों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। सीएम योगी ने लिखा, ''जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।''