"मथुरा: रंगभरनी एकादशी पर ठाकुर बांकेबिहारी संग होली, भक्तों पर पिचकारी से रंगों की बौछार"
Mathura: Holi with Thakur Banke Bihari on Rangbhari Ekadashi
मथुरा। ठाकुर बांकेबिहारी ने रंगभरनी एकादशी पर शुक्रवार को अपने भक्तों के साथ रंगों की होली खेली। ठाकुर जी के प्रतिनिधि के रूप में सेवायतों ने पिचकारी से श्रद्धालुओं पर रंगों की वर्षा की।
ठाकुर जी के प्रसाद रूपी रंग में सराबोर होकर श्रद्धालु आल्हादित हो गए। रंगभरनी एकादशी से ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन का सजीव प्रसारण भी शुरू हो गया। सुबह मंदिर और आसपास लगी एलईडी स्क्रीन पर उनके दर्शन का प्रसारण किया गया।
दोपहर एक बजे से विभिन्न इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म पर भी सजीव प्रसारण शुरू हो जाएगा। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में वसंत पंचमी से होली का उल्लास शुरू हो जाता है। लेकिन रंगभरनी एकादशी से ठाकुर जी भक्तों के साथ रंगों की होली खेलते हैं।
इसके लिए सेवायत कई दिनों से टेसू के फूलों से रंग तैयार कर रहे थे। शुक्रवार सुबह आठ बजे मंदिर के पट खुले तो श्वेत पोशाक धारण कर ठाकुर जी ने हुरियारे के रूप में दर्शन दिए। कमर में गुलाल की पोटली बंधी थी।
ठाकुर जी के दर्शन कर भक्त आल्हादित हो गए और मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। सेवायतों ने ठाकुर जी के प्रतिनिधि के रूप में श्रद्धालुओं पर पिचकारी से रंगों की बौछार की। ठाकुर जी का रंग रूपी प्रसाद पाने के लिए सुबह से ही मंदिर में भीड़ उमड़ने लगी।
इधर, सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के निर्देश पर शुक्रवार से ठाकुर जी के दर्शन का सजीव प्रसारण भी शुरू कर दिया गया। सुबह आठ बजे से ही मंदिर और उसके आसपास लगाई गई एलईडी पर ठाकुर की दर्शन का प्रसारण हुआ।
अब दोपहर एक बजे से विभिन्न इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म पर भी सजीव प्रसारण किया जाएगा। घर बैठे ही श्रद्धालु ठाकुर जी के दर्शन कर पाएंगे।
इसके लिए यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम व एक्स पर takurjishribankebihariji के नाम से बने पेज पर सजीव प्रसारण देखा जा सकता है। समिति के सदस्य और मंदिर सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे से विभिन्न वेबसाइट पर सजीव प्रसारण शुरू हो जाएगा।