मंडी के डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर को गोल्ड मेडल, राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह में किया सम्मानित
- By Gaurav --
- Saturday, 09 May, 2026
Mandi’s Dr. Navjot Singh
मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बिंगा के गांव बिंगा निवासी युवा पशु चिकित्सक डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में आयोजित 17वें दीक्षांत समारोह के दौरान हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने उन्हें गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर को डॉक्टरी की पढ़ाई में अपने 2015-2020 बैच में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर यह सम्मान दिया गया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांववासियों, शिक्षकों और परिजनों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
डॉ. नवजोत सिंह शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने हर शैक्षणिक चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर लगातार सफलता हासिल की है। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर को देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu द्वारा अखिल भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, बरेली में आयोजित कार्यक्रम में पीजी की पढ़ाई में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम आने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। लगातार दूसरी बार मिली इस उपलब्धि ने उनकी प्रतिभा को फिर साबित किया है।
वर्तमान में डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर मंडी जिला के वगस्याड़ पशु चिकित्सालय में पशु चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। स्थानीय लोग उनके सरल स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।