मंडी सड़क हादसा: हाइड्रा से टकराई तेज रफ्तार कार; 3 दोस्तों की मौत, 2 एम्स बिलासपुर रेफर
Mandi road accident: Speeding car collides with hydra
नेरचौक/मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत सोमवार रात यह हादसा हुआ। एचपी 82-8322 नंबर की कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार सवार युवक नेरचौक से सुंदरनगर की ओर तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
इन तीन युवकों की हुई मौत
हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की प्राथमिक उपचार के दौरान ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनिल कुमार उम्र 28 निवासी पलाही, रोहित कुमार उम्र 26 निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार उम्र 35 निवासी पलाही उपमंडल बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में घायल हरीश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
सड़क किनारे खड़ी मशीनरी व वाहन बन रहे काल
पिछले कुछ समय से इस स्थान पर अत्यधिक दुर्घटनाएं हो रही हैं और अधिकतर दुर्घटनाओं मौतें हुई हैं। लेकिन किसी का इस ओर कोई ध्यान नहीं जा रहा। लोगों का कहना है कि यहां सड़क के आसपास भारी वाहन और मशीनें खड़ी रहती हैं। कई बार तो यह सड़क के अंदर तक खड़ी होती हैं, जो हादसों का कारण बन जाती हैं।