सोलन: टोल बढ़ोतरी पर भारी बवाल; हिमाचल-हरियाणा सीमा पर तनाव के बीच पुलिस का कड़ा पहरा
Major Uproar Over Toll Hike
सोलन। Major Uproar Over Toll Hike, हिमाचल-हरियाणा सीमा पर टोल टैक्स दरों में बढ़ोतरी को लेकर बुधवार सुबह से ही माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पुलिस की मौजूदगी में ही ठेकेदार द्वारा बढ़ी हुई टोल दरों की वसूली की जा रही है। हालांकि, कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने बढ़े हुए टोल रेट का विरोध करते हुए हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा है।
नालागढ़ के ढेरोंवाल एंट्री पॉइंट पर भी हालात कुछ ऐसे ही देखने को मिल रहे हैं। यहां भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच टोल पर्चियां काटी जा रही हैं और विरोध के बीच प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। टोल बढ़ोतरी के विरोध का असर यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
सुबह से ही सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को आशंका है कि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, विरोध और तेज हो सकता है। ऐसे में हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अतिरिक्त पुलिस बल भी तैयार रखा गया है।