केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा: ग्लेशियर टूटने से रास्ता बंद
Major Tragedy on Kedarnath Trekking Route
रुद्रप्रयाग। Major Tragedy on Kedarnath Trekking Route, केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। लिनचोली के पास अचानक थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ मार्ग पर आ गई, जिससे पैदल रास्ता पूरी तरह बंद हो गया।
मार्ग बंद होने के कारण केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य पर भी असर पड़ा है। घोड़े-खच्चरों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे जरूरी सामग्री की आपूर्ति बाधित हो रही है।
वहीं, इस संबंध में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे यह घटना हुई। ग्लेशियर टूटने से करीब 100 मीटर पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है।
उन्होंने बताया कि डीडीएमए की टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास में जुटी हुई है।
22 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
केदारनाथ यात्रा इस वर्ष 22 अप्रैल से शुरू हो रही है, जो सामान्य वर्षों की तुलना में करीब 10 से 15 दिन पहले है। समय से पहले यात्रा शुरू होने के चलते इस बार मौसम की कठोरता अधिक देखने को मिल रही है।
आमतौर पर यात्रा मई के पहले या दूसरे सप्ताह में शुरू होती है, जब मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहता है। लेकिन इस बार बर्फबारी और कड़ाके की ठंड ने प्रशासन के सामने अतिरिक्त चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।