Major Traffic Relief Plan

हिसार को ट्रैफिक जाम से राहत, शहर में शुरू होगी बड़ी रोड परियोजनाएं

pp

Major Traffic Relief Plan

Hisar के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार योजना को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित विशेष समिति की चौथी समीक्षा बैठक में Ranbir Gangwa ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अब फाइलों का दौर खत्म हो चुका है और विकास कार्य जमीन पर नजर आने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी परियोजना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में शहर के कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, नए स्लिप रोड और आधुनिक रोटरी निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी दी गई। सबसे महत्वपूर्ण परियोजना लक्ष्मीबाई चौक से टाउन पार्क तक मुख्य मार्ग को सिक्स लेन बनाने की है। अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना में आ रही तकनीकी बाधाएं अब दूर हो चुकी हैं और सभी संबंधित विभागों से एनओसी मिल गई है। बजट जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

इसके अलावा सिरसा चुंगी से क्लॉथ मार्केट तक सड़क को भी सिक्स लेन में बदला जाएगा। इस परियोजना की खास बात यह होगी कि इलाके में फैले बिजली के हाई-टेंशन और घरेलू तारों के जाल को भूमिगत किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ शहर की सुंदरता भी बेहतर होगी।

शहर के सबसे व्यस्त और जटिल जंक्शनों में शामिल आईटीआई चौक का स्वरूप भी पूरी तरह बदलने की तैयारी है। इंजीनियरों ने इसे आधुनिक ‘रिंग चौक’ के रूप में विकसित करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया है ताकि पांच दिशाओं से आने वाले ट्रैफिक को सुचारू किया जा सके। वहीं जहाज पुल चौक का आकार छोटा कर उसकी रीमॉडलिंग की जाएगी, जबकि जिंदल चौक और 9/11 चौक पर नए आकर्षक गोलचक्कर बनाए जाएंगे।

सबसे अधिक दबाव झेलने वाले डाबड़ा जंक्शन के जीर्णोद्धार का टेंडर भी फाइनल हो चुका है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हिसार शहर को लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या से बड़ी राहत मिलेगी और शहर का बुनियादी ढांचा आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा।