मोहाली में चोरी का बड़ा खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, सोना-नकदी और हथियार बरामद
- By Gaurav --
- Saturday, 21 Mar, 2026
Major theft case uncovered in Mohali, 4 accused including a woman arrested,
पंजाब के मोहाली में पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने के गहने, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
यह मामला 14 फरवरी 2026 का है, जब सेक्टर-77 स्थित एक कोठी में चोरी की वारदात सामने आई थी। शिकायतकर्ता प्रशोत्तम वशिष्ठ के बयान के आधार पर थाना सोहाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देश पर पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीमें गठित की गईं। एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया कि टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलकार सिंह उर्फ बॉबी (21), जसकरण सिंह उर्फ जस (26), प्रीतपाल सिंह उर्फ अर्शी (19) और नेहा धमीजा (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नेहा धमीजा पिछले कुछ महीनों से शिकायतकर्ता के घर में बेबी केयर वर्कर के रूप में काम कर रही थी और उसे घर में रखे कीमती सामान की पूरी जानकारी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि नेहा ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों को हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज और लुधियाना से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से करीब 37 तोले सोने के गहने, 1.5 लाख रुपये नकद, एक .30 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी के पैसों से खरीदा गया फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कुछ सामान नीलोन नहर में फेंक दिया था। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
मोहाली पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।