हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, राजस्थान की महिला की मौत, 26 घायल
Major Road Accident in Haridwar
Major Road Accident in Haridwar: हरिद्वार, नगर कोतवाली क्षेत्र के सप्तऋषि इलाके में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शांतिकुंज के समीप सड़क किनारे पीछे की ओर की जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री घायल हो गए। बस में कुल लगभग 45 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस को बैक करते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई।
इसी दौरान सामने से आ रहा एक डंपर चालक बस से टक्कर बचाने के प्रयास में अपना संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। डंपर की चपेट में वहां खड़ी एक बुलेरो वाहन भी आ गई, जिससे उसे नुकसान पहुंचा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान 50 वर्षीय पुष्पकंवर पत्नी भंवर सिंह, निवासी नागौर (राजस्थान) को मृत घोषित कर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार बस में सवार 45 यात्रियों में से 26 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने घायलों के बेहतर उपचार और घटना की विस्तृत जांच का आश्वासन दिया है।