UP में आतंकी साजिश का बड़ा खुलासा: खिलौना कार से बम ब्लास्ट की थी तैयारी, शामली से 4 और संदिग्ध हिरासत में

UP में आतंकी साजिश का बड़ा खुलासा: खिलौना कार से बम ब्लास्ट की थी तैयारी, शामली से 4 और संदिग्ध हिरासत में

Major Revelation of Terror Plot in UP

Major Revelation of Terror Plot in UP

लखनऊ। Major Revelation of Terror Plot in UP, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने आतंकी कनेक्शन में शामली के चार युवकों को उठाया है। एटीएस की टीम उनसे पूछताछ कर रही है।

वहीं, पिछले सप्ताह लखनऊ से गिरफ्तार किए गए चार आतंकियों के दुबई में रहने वाले मददगार आकिब के विरुद्ध एटीएस ने लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करा दिया है।

उसके पासपोर्ट को भी निरस्त कराने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा है। दूसरी तरफ लखनऊ से गिरफ्तार किए गए आतंकी साकिब ने एटीएस को बताया कि वह हथियार लेने के लिए पंजाब के तस्करों से मिला था।

चारबाग स्टेशन से चार हुए थे गिरफ्तार

एटीएस ने पिछले सप्ताह लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से रेलवे सिग्नल बाक्स में गड़बड़ी करने व राज्य में आतंकी वारदात को अंजाम देने के आरोप में साकिब, अरबाब, लोकेश व विकास को गिरफ्तार किया था।

एटीएस को पांच दिनों की मिली है रिमांड

अदालत ने पूछताछ के लिए चारों आतंकियों को पांच दिन की रिमांड पर एटीएस को सौंपा है। सूत्रों के अनुसार चारों का सरगना साकिब था। साकिब को पाकिस्तानी आतंकियों ने लखनऊ, अलीगढ़, गौतमबुद्ध नगर, बेंगलुरु व पंजाब में कई स्थानों की रेकी करने का लक्ष्य दिया था।

इसी सिलसिले में साकिब पंजाब भी गया था। पंजाब में उसने पाकिस्तानी आतंकियों के साथ संपर्क में रहने वाले पंजाब के एक तस्कर से मुलाकात की थी। यह तस्कर सीमा पार से भेजे जाने वाले हथियारों की तस्करी करता है।

साकिब ने इस तस्कर से हथियार लेने की डील भी की थी, लेकिन ज्यादा राशि मांगने को लेकर बात नहीं बनी। एटीएस के सूत्रों के अनुसार साकिब ने अपने गिरोह के साथ उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब व बेंगलुरु के कुछ संस्थानों की भी रेकी की थी।

चारों आतंकियों से पूछताछ के बाद कई नाम और सामने आए हैं। इसी सिलसिले में एटीएस की टीम ने मंगलवार को शामली से चार युवकों को उठाया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।

खिलौना कार से थी बम ब्लास्ट की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए आतंकियों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि उन्होंने खिलौना कार से बम ब्लास्ट की तैयारी भी की थी। इसके लिए इंटरनेट मीडिया के जरिए उनके हैंडलर ने उन्हें प्रशिक्षण भी दिया था।

आतंक का यह मॉड्यूल सामने आने के बाद एटीएस ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि सघन तलाशी के दौरान अगर किसी के पास खिलौना मिलता है तो उसकी भी जांच की जाए।