आगरा में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारी हटाए गए
Major Reshuffle in Agra Police Department
आगरा। Major Reshuffle in Agra Police Department, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने पिनाहट, बासौनी व खेरागढ़ थाना प्रभारियों को पद से हटा दिया। दो थाना प्रभारियों को लाइन भेजा गया है। वहीं खेरागढ़ थाना प्रभारी को अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय भेजा गया है। शाहगंज थाने से निलंबित किए गए इंस्पेक्टर को पिनाहट थाने का चार्ज सौंपा गया है। पुलिस अधिकारी इसे सामान्य प्रक्रिया बता रहे हैं, जबकि कार्रवाई अलग-अलग मामलों में लापरवाही बरतने पर की गई है।
शाहगंज थाने से निलंबित किए गए इंस्पेक्टर को मिला पिनाहट का चार्ज
पुलिस कमिश्नर ने पिनाहट थाना प्रभारी मनोज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। चर्चा है कि पिनाहट थाना प्रभारी एक हिस्ट्रीशीटर को थाने में बैठाकर बातचीत करते हुए नजर आए थे। थाने के ही पुलिसकर्मी ने हिस्ट्रीशीटर के साथ उनका फोटो पुलिस कमिश्नर को भेज दिया था। उनकी जगह शाहगंज थाने से निलंबित किए गए विरेश पाल गिरी को थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने किया बदलाव
बासौनी थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार को भी लाइन हाजिर किया गया है। बासौनी थाने का चार्ज प्रविंद्र कुमार को सौंपा गया है। चर्चा है कि कांग्रेस नेता उमाशंकर उपाध्याय निवासी उमरैठा के ऊपर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपित हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी न होने व हिस्ट्रीशीटर के न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के मामले में कार्रवाई की गई है।
हरीश कुमार को मिला खेरागढ़ का चार्ज
इसी तरह खेरागढ़ थाना प्रभारी मदन सिंह को अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय भेजा गया है। बमरौली कटरा थाना प्रभारी हरीश कुमार को खेरागढ़ थाने का चार्ज सौंपा गया है। खेरागढ़ थाना प्रभारी को हाल ही में एक विधायक के साथ ही हाथापाई की घटना को लेकर हटाया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि आईजीआरएस में बेहतर कार्य न करने पर उन्हें हटाया गया है। बमरौली कटारा थाना प्रभारी दीपक कुमार तिवारी को बनाया गया है।