बिहार के छोटे उद्यमियों के लिए बड़ी राहत: RBI पटना की 'रिफ्रेशर कार्यशाला' से आसान होगा लोन
Major Relief for Small Entrepreneurs in Bihar
पटना। Major Relief for Small Entrepreneurs in Bihar, छोटे और मध्यम कारोबार (एमएसएमई) से जुड़े लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें बैंक से लोन लेने में कम परेशानी हो, इसके लिए भारतीय रिजर्व बैंक, पटना ने एक अहम पहल की है। राजधानी के होटल मौर्य में बैंकरों के लिए विशेष “रिफ्रेशर कार्यशाला” आयोजित की गई, इसमें राज्य के 14 प्रमुख बैंकों के अधिकारी शामिल हुए।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैंकरों को इस तरह प्रशिक्षित करना था कि वे छोटे उद्यमियों की जरूरतों को बेहतर समझ सकें और उन्हें समय पर व पर्याप्त ऋण उपलब्ध करा सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरबीआई पटना के क्षेत्रीय निदेशक सुजीत कुमार अरविंद ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह न सिर्फ रोजगार के अवसर पैदा करता है, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापार और उद्यमिता को भी बढ़ावा देता है। ऐसे में जरूरी है कि बैंकर इस क्षेत्र के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं।
उन्होंने बैंकों से साफ तौर पर कहा कि व्यवहार्य कारोबारों को समय पर लोन देना बेहद जरूरी है, ताकि उद्यमियों को मजबूरी में महंगे ब्याज वाले अनौपचारिक स्रोतों पर निर्भर न रहना पड़े।
बैंकरों को क्या सिखाया गया?
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में एमएसएमई फाइनेंसिंग से जुड़े नए नियमों, नीतियों और व्यवहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई। इसमें खास जोर ग्राहकों के साथ बेहतर व्यवहार और संवाद, लोन प्रक्रिया को तेज और सरल बनाना, छोटे उद्यमों के लिए बेहतर मूल्यांकन प्रणाली, आर्थिक संकट झेल रहे कारोबारों के पुनर्वास और पुनर्गठन के उपाय पर फोकस किया गया।
उद्यमियों को होगा सीधा फायदा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की ट्रेनिंग का सीधा लाभ आम कारोबारियों को मिलेगा। बैंक अब उनकी जरूरतों को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे और लोन देने की प्रक्रिया भी पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी हो सकेगी।
कार्यशाला में शामिल बैंकरों ने भी इसे बेहद उपयोगी बताया और कहा कि इससे उन्हें जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं को समझने और उनका समाधान निकालने में मदद मिलेगी।
भारतीय रिजर्व बैंक की यह पहल राज्य में छोटे कारोबारियों के लिए वित्तीय सहायता को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में रोजगार और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।