यूटी चंडीगढ़ में डेपुटेशन कर्मचारियों को बड़ी राहत, वेतन-भत्तों से जुड़ी मांगें मंजूर
- By Gaurav --
- Thursday, 05 Feb, 2026
Major relief for deputation employees in UT Chandigarh, demands related t
यूटी चंडीगढ़ प्रशासन ने डेपुटेशन पर कार्यरत सरकारी कर्मचारियों के हित में एक अहम फैसला लेते हुए उनकी वेतन एवं भत्तों से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार कर लिया है। प्रशासन के इस निर्णय से कर्मचारियों में खुशी की लहर है और इसे लंबे समय से चली आ रही मांगों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पंजाब एवं हरियाणा इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रणवीर झोड़ ने इस फैसले के लिए चंडीगढ़ प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासक, मुख्य सचिव, वित्त सचिव और कार्मिक सचिव का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के कल्याण के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
रणवीर झोड़ के अनुसार, प्रशासन के इस निर्णय से डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को लगभग 5 लाख रुपये तक का आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। इसमें महंगाई भत्ता (डीए), मकान किराया भत्ता (एचआरए), यात्रा भत्ता, बच्चों की शिक्षा भत्ता सहित अन्य अनुमन्य भत्ते शामिल हैं, जिससे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि यह मांग वर्ष 2022 से लंबित थी और इसे लेकर लगातार प्रशासन के समक्ष मुद्दा उठाया जा रहा था। कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों और सकारात्मक संवाद के चलते प्रशासन ने इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए निर्णय लिया।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर प्रशासन इसी तरह सकारात्मक और न्यायसंगत फैसले लेता रहेगा। इस निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास और मजबूती आएगी।