यूपी विधानसभा चुनाव 2027: बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल और चुनावी रणनीति
Major Organizational Reshuffle and Electoral Strategy in the BJP
Uttar Pradesh Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट तेज होते ही राजनीतिक दलों ने अपनी गोटियां बिछाना शुरू कर दी है. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सूबे में अपनी पकड़ को और मजबूत करने के लिए अभी से पूरी ताकत झोंक दी है. इस संबंध में दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बैठकों का दौर जारी है और कयास लगाए जा रहे हैं कि संगठन में बहुत जल्द एक बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है.
बताया जाता है कि यूपी बीजेपी की नई टीम को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में एक हाई लेवल बैठक हुई, जिसमें संगठन के नए ढांचे और रणनीतियों पर गहरा मंथन किया गया. दिल्ली में ब्लूप्रिंट तैयार होने के बाद अब एक्शन की बारी है. इसी सिलसिले में बीजेपी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मंगलवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं, जहां वे जमीनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे. माना जा रहा है कि पार्टी आलाकमान की हरी झंडी के बाद संगठन की नई लिस्ट किसी भी वक्त जारी की जा सकती है.
नितिन नवीन और पंकज चौधरी की अगुवाई में होगी अहम बैठक
इसी हफ्ते यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए एक अचूक चक्रव्यूह तैयार करना है, जिसमें संगठन के पेंच कसे जाएंगे और नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी.
बैठक तय की जाएगी चुनावी रणनीति की रूपरेखा
माना जा रहा है कि इस बैठक में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी की रणनीति की रूपरेखा तय की जाएगी. इसके तहत तीन स्तर पर तैयारी की जाएगी.
जोन प्रभारियों की तैनाती
सांगठनिक कामकाज को धार देने के लिए इस बैठक में मुख्य रूप से 'जोन वाइज' प्रभारियों की नियुक्ति पर अंतिम फैसला लिया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र की सीधे मॉनिटरिंग हो सके.
विधानसभा स्तर पर साधेगी रणनीति
पार्टी हर एक विधानसभा सीट पर माइक्रोमैनेजमेंट की तैयारी में है. इसके तहत वरिष्ठ और कद्दावर नेताओं को सीधे विधानसभा स्तर पर मोर्चा संभालने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
कमजोर सीटों पर 'स्पेशल फोकस'
बीजेपी का सबसे ज्यादा ध्यान उन सीटों पर है, जहां साल 2024 के लोकसभा चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था. इन कमजोर कड़ियों को पहचान कर वहां नए समीकरण बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी.
यूपी बीजेपी में होने वाला यह फेरबदल न सिर्फ नए चेहरों को मौका देगा, बल्कि उन कद्दावर नेताओं की साख भी दांव पर लगाएगा, जिन्हें हारी हुई या कमजोर सीटों को जिताने का जिम्मा मिलने वाला है. राजनीति के गलियारों में अब बस उस नई लिस्ट का इंतजार है, जो यूपी की सियासी दिशा तय करेगी.