पंजाब सरकार का बड़ा कदम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति

पंजाब सरकार का बड़ा कदम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति

1000213041

Major Move by Punjab Government: Appointment of Experts

अमृतसर। पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच राज्य सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को अमृतसर स्थित मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नए चिकित्सकों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सकों, नैदानिक मनोवैज्ञानिकों और मनोचिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार काम कर रही है।


मानसिक स्वास्थ्य बना गंभीर विषय 

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज एक गंभीर विषय बन चुका है और नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से बीमार मरीजों को बेहतर इलाज और देखभाल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार लगातार नई भर्तियां और सुधार कर रही है।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि नियुक्त किए गए नए चिकित्सक और विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी रहेगी ताकि लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।

गुणवत्ता में सुधर की तरफ फोकस

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल अस्पतालों की संख्या बढ़ाना नहीं बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाना है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं की निदेशक डॉ. हितिंदरजीत कौर, सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज, विशेष कार्य अधिकारी डॉ. शलिंदर मित्रा, सहायक निदेशक डॉ. संदीप भोला, डॉ. जेपी अत्री, डॉ. करमजीत सिंह, डॉ. नीरू और मानसिक स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सुविंदर सिंह शामिल रहे।