मोहाली में बड़ा हादसा: मधुमक्खियों के हमले से 60 बच्चे घायल, मचा हड़कंप
Major Incident in Mohali
मोहाली: Major Incident in Mohali: मोहाली के एक निजी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के एक झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 50 से 60 बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अभिभावकों का आरोप स्कूल ने नहीं दी हादसे की सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए, जहां उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल ने उन्हें इस हादसे के बारे में कोई सूचना नहीं दी और उन्हें किसी अन्य माध्यम से पता चला कि उनके बच्चे अस्पताल में हैं। गुस्साए अभिभावकों ने कहा कि जब फीस एक दिन भी लेट होती है तो स्कूल तुरंत फोन करता है, लेकिन इतने बड़े हादसे के बावजूद उन्हें सूचित करना जरूरी नहीं समझा गया।
स्कूल के खिलाफ की जाएं कार्रवाई
फिलहाल अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है। अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल की इस लापरवाही की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।