टिहरी में बड़ा हादसा टला: चालक की सूझबूझ से बची 23 यात्रियों की जान
Major accident averted in Tehri: Driver's presence of mind
कण्ड़ीसौड़ (टिहरी)। थाना छाम क्षेत्र के अंतर्गत नगुन-सुवाखोली मोटर मार्ग पर चारधाम यात्रियों का एक टेंपो ट्रैवलर नागराजाधार के समीप अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया। लेकिन वाहन चालक की सूक्ष-बूस से बड़ा हादसा होने टल गया।
शुक्रवार को टेंपो ट्रैवलर (एचआर 65ए 0859) में दिल्ली निवासी यात्री गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले थे। लेकिन जनपद टिहरी क्षेत्र में नगुन- सुवाखोली मोटर मार्ग पर नागराजाधार के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए।
जिससे वाहन ढलान पर अनियंत्रित होने लगा। लेकिन वाहन चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए टेंपो ट्रैवलर को पहाड़ी की ओर घुमा दिया। जिससे वाहन पहाड़ी से टकराकर वहीं रुक गया और वाहन में सवार चालक सहित 23 यात्रियों की जान बच गई।
दोपहर करीब सवा दो बजे डायल 112 से घटना की सूचना मिलते ही तत्काल थाना छाम पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना में पांच यात्रियों की चोटें आई हैं।
घायलों को 108 स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से सीएचसी चिन्यालीसौड़ में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति सामान्य है।
अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन से चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया। घायलों में कपिल अरोड़ा (53) पुत्र श्याम अरोड़ा, डिम्पी (40) पत्नी राजेश महेरा, ध्रुव (22) पुत्र संजीव मदान, नीता (53) पत्नी अश्विनी और प्रेम दास पुत्र बुआदास सभी निवासी पंतनगर, जगपुरा, दिल्ली शामिल हैं।
पूछताछ में चालक जगजीत सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी कुरुक्षेत्र हरियाणा ने बताया कि ब्रेक फेल होने के कारण वाहन को पहाड़ से टकराना पड़ा।
मठियाली चौकी प्रभारी शिवशंकर उनियाल ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर में ड्राइवर समेत 23 यात्री सवार थे। सभी दिल्ली निवासी हैं और गंगोत्री धाम की यात्रा के लिए जा रहे थे।