Lucknow’s ₹10 Crore High-Profile

लखनऊ की हाईप्रोफाइल 10 करोड़ चोरी का खुलासा, रिटायर्ड अधिकारी के बेटे समेत 5 गिरफ्तार

pp

Lucknow’s ₹10 Crore High-Profile

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई करीब 10 करोड़ रुपये की हाईप्रोफाइल चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड उसी सोसायटी में रहने वाले एक रिटायर्ड अधिकारी का बेटा निकला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ-बाराबंकी मार्ग स्थित शालीमार पैराडाइज सोसायटी में रहने वाले ठेकेदार अजय सिंह बघेल 19 अप्रैल को परिवार सहित गोरखपुर गए थे। 30 अप्रैल को लौटने पर उन्होंने घर की अलमारी टूटी हुई देखी और करोड़ों रुपये के कीमती आभूषण व लाइसेंसी पिस्टल गायब मिले। पॉश सोसायटी में हुई इस बड़ी चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 27 अप्रैल को घर का सीसीटीवी सिस्टम बंद कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच शुरू की। शक पड़ोसी आकर्ष सिंह उर्फ यश पर गया, जिसके बाद पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक आकर्ष सिंह ऑनलाइन ट्रेडिंग और सट्टेबाजी में भारी रकम गंवा चुका था। आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान होकर उसने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने पहले घर की रेकी की और फिर 24 अप्रैल की रात पीछे की खिड़की के ऊपर बने शेड को तोड़कर घर में दाखिल हुए। वारदात के बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर प्रयागराज भाग गए, जहां कुछ जेवर सर्राफा कारोबारियों को बेच दिए गए।

पुलिस ने प्रयागराज में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है और बाकी चोरी के माल की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक Arpit Vijayvargiya ने बताया कि मुख्य आरोपी आर्थिक दबाव में था और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।