लखनऊ विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2025-26 की संभावित तिथि घोषित की

लखनऊ विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा 2025-26 की संभावित तिथि घोषित की

Lucknow-University-Dainik-Jagran--1773235075418_v

Lucknow University announces tentative date for PhD

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी (नियमित) के लिए बुधवार को अनुसंधान प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि घोषित कर दी। प्रवेश परीक्षा 30 और 31 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी ने दो या अधिक विषयों में आवेदन किया है और उनकी परीक्षाएं एक ही दिन व सत्र में निर्धारित हैं, तो वे 16 मार्च तक ईमेल [email protected] के माध्यम से अपनी समस्या से अवगत करा सकते हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे इस संभावित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करें और किसी भी अद्यतन सूचना के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं ईमेल संचार पर ध्यान दें। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय ने पीएचडी में प्रवेश के लिए आठ मार्च तक आवेदन का मौका दिया था।

समय सारिणी

30 मार्च : सुबह 10:30 बजे से 12:00 बजे तक हिंदी, मानवशास्त्र, अरब संस्कृति, जैव रसायन, गणित, गृह विज्ञान, पश्चिमी इतिहास, उर्दू, अंग्रेज़ी तथा प्रबंधन अध्ययन विषयों की प्रवेश परीक्षा होगी। उसी दिन दोपहर दो से 3:30 बजे तक सांख्यिकी, भूगोल, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, राजनीति विज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार, समाजशास्त्र, भौतिकी, प्राणीशास्त्र, संस्कृत, अरबी तथा अनुप्रयुक्त अर्थशास्त्र की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
31 मार्च : सुबह 10:30 बजे से 12:00 बजे तक पर्यटन अध्ययन संस्थान, शिक्षा, प्राचीन भारतीय इतिहास, विधि, भूविज्ञान, अर्थशास्त्र, पर्यावरण विज्ञान, दर्शनशास्त्र, रसायन विज्ञान, ललित कला, फ्रेंच तथा ओरिएंटल संस्कृत विषयों की परीक्षा होगी। वहीं, दोपहर दो से 3:30 बजे तक वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, मनोविज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रक्षा अध्ययन, सामाजिक कार्य, शारीरिक शिक्षा, लोक प्रशासन तथा मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।