“लखनऊ मंडल ने मारी बाज़ी, 370 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित – 10 हजार रुपये प्रोत्साहन!”

“लखनऊ मंडल ने मारी बाज़ी, 370 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित – 10 हजार रुपये प्रोत्साहन!”

sanskrit-school-UP-(54)-1772699445928_v

“Lucknow division wins, ideas of 370 students selected

लखनऊ। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना 2025-26 में उत्तर प्रदेश के 7173 विद्यार्थियों के इनोवेशन आइडिया का चयन किया गया है।

चयनित विद्यार्थियों को अपने वैज्ञानिक आइडिया पर मॉडल या प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।

विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और इंस्पायर अवार्ड मानक प्रभारी शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि चयनित विद्यार्थियों के बैंक खाते सक्रिय रखें।

यदि किसी छात्र के खाते में केवाइसी या अन्य औपचारिकताएं लंबित हैं तो उन्हें तुरंत पूरा कराया जाए, ताकि प्रोत्साहन राशि के हस्तांतरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

18 मंडलों में सबसे आगे लखनऊ मंडल

इस योजना में प्रदेश के सभी 18 मंडलों में से लखनऊ मंडल सबसे आगे रहा है। लखनऊ जिले से सर्वाधिक 370 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित हुए हैं, जबकि मंडल स्तर पर लखनऊ मंडल से कुल 906 प्रोजेक्ट चयनित हुए हैं।

दूसरे स्थान पर है प्रयागराज

जिला स्तर पर दूसरे स्थान पर प्रयागराज है, जहां 216 विद्यार्थियों के आइडिया का चयन हुआ है। इसके अलावा वाराणसी से 192, गौतमबुद्धनगर से 185, बाराबंकी से 173, आगरा से 170, अलीगढ़ से 160, जौनपुर से 152, मुरादाबाद से 146, कानपुर नगर से 145, बिजनौर से 142 और बुलंदशहर से 140 विद्यार्थियों के आइडिया चुने गए हैं।

इसी तरह बरेली से 130, उन्नाव से 128, बस्ती से 124, प्रतापगढ़ से 122, इटावा से 121, लखीमपुर खीरी से 120, मेरठ और सीतापुर से 118-118, गोंडा से 117, गाजियाबाद से 115, गोरखपुर व फतेहपुर से 112-112, गाजीपुर से 109, बदायूं से 107, आजमगढ़ से 103 और देवरिया से 102 विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट चयनित हुए हैं।

वहीं प्रदेश में सबसे कम चयन हमीरपुर से 19 विद्यार्थियों का हुआ है। इसके अलावा श्रावस्ती और महोबा से 21-21, शामली से 25 और बागपत से 29 आइडिया का चयन किया गया है।

10 हजार दी जाएगी प्रोत्साहन राशि

अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक चयनित बाल वैज्ञानिक को अपने मॉडल तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।

स्कूलों में वैज्ञानिक सोच को मिलेगा बढ़ावा

इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य स्कूल स्तर पर पढ़ने वाले विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है।

इस योजना के तहत छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपने नए वैज्ञानिक विचार या समस्या के समाधान से जुड़े आइडिया को प्रस्तुत किया था। इसमें से श्रेष्ठ आइडिया का चुनाव किया गया।

चयनित विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उनके आइडिया को मॉडल के रूप में विकसित करने का अवसर दिया जाएगा, जिससे भविष्य में वैज्ञानिक शोध और नवाचार को बढ़ावा मिल सके।

इस बार चयनित विद्यालयों में बेसिक शिक्षा और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के बच्चों ने भी स्थान बनाया है। निजी विद्यालयों के बच्चों के आइडिया का भी चयन हुआ है।