लखनऊ: मुख्य सचिव ने अवैध शराब व खनन पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

लखनऊ: मुख्य सचिव ने अवैध शराब व खनन पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

Lucknow: Chief Secretary gave instructions for strict action

Lucknow: Chief Secretary gave instructions for strict action

लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में अवैध शराब के उत्पादन व बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध व जहरीली शराब के सेवन के मामले को पूरी गंभीरता से लिया जाए और संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

शनिवार को अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होली के मद्देनजर उन्होंने आबकारी व खनन विभाग की समीक्षा की। कहा कि होली का पर्व सभी के लिए महत्वपूर्ण है। कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्य सचिव ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी जिले में अवैध या जहरीली शराब के सेवन से कोई दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील जिलों में विशेष चौकसी बरतने तथा अंतर्विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बिक्री की शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

शराब की दुकानों, ढाबों और संभावित स्थानों पर औचक निरीक्षण किए जाएं तथा अधिक दर पर बिक्री की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने यह निर्देश भी दिए कि भांग की अधिकृत दुकानों पर गांजा की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकी जाए। इसके लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि शराब की दुकानों को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बंद न रखा जाए। इससे अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है। स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर ही शराब की दुकानों को बंद करने का निर्णय लिया जाए।

खनन विभाग की समीक्षा में मुख्य सचिव ने राजस्व लक्ष्य की सौ प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए उन्होंने दिए हैं। कहा कि ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर स्रोत स्तर पर ही निगरानी बढ़ाई जाए।

मुख्य सचिव ने अवैध खनन के कारोबार में जुटे आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में आबकारी विभाग की अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।