लखनऊ में बर्बरता: ठेकेदार की पिटाई से कर्मचारी की मौत, गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
Lucknow brutality: Worker dies after being beaten
लखनऊ। कूड़ा उठाने वाले ठेकेदार ने कर्मचारी के बिना बताए छुट्टी पर जाने से नाराज होकर उसे बंधक बनाकर रात भर पीटा। सुबह बाथरूम जाने का झांसा देकर कर्मचारी भाग गया और घर पहुंचकर आपबीती बताई। हालत खराब होने पर परिवार ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार ने आरोपित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या कर मुकदमा दर्ज कराया है।
असम निवासी 35 वर्षीय रफीक पत्नी शाइमा खातून और अन्य परिवारजन के साथ सआदतगंज के राजकुमार पार्क के पास खाली प्लाट में झोपड़ी बनाकर किराये पर रहता था। रफीक और उसकी पत्नी एक निजी ठेकेदार के पास कूड़ा उठाने का काम करते थे।
पत्नी का आरोप है कि रफीक ने जरूरत पड़ने पर ठेकेदार से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। इस वजह से ठेकेदार जबरन अधिक काम करवाता था। कुछ दिनों पहले रफीक बिना बताए छुट्टी लेकर गऊ घाट में रह रही अपनी मां रुकिया के पास चला गया। 21 फरवरी को वह लौट आया।
जानकारी होने पर टिकैतगंज निवासी ठेकेदार रमजान अपने बेटे फैजुल के साथ झोपड़ी में पहुंचा और काम कराने की बात कहते हुए रफीक को साथ ले गया। रात में दोनों ने मिलकर रफीक को बांस में बांधकर पीटा। मारपीट में उसकी तबीयत बिगड़ गई। सुबह वह बाथरूम जाने की बात कहकर भाग निकला और मां के पास पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
आनन-फानन में परिवारजन ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। पत्नी ने आरोपित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। बाजारखाला इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि गुरुवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिवारजन को सौंपा गया है। रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश जारी है।
लान मालिक ने बंधक बनाकर 14 दिन की पिटाई
निराला नगर निवासी लालता प्रसाद ने बताया कि उनका साला शरद हरदोई रोड के बालागंज में जीबी लान में नौकरी करता है। आरोप है कि लान के मालिक शिवम, उसकी पत्नी और अन्य परिवारजन ने 14 दिन तक शरद को बंधक बनाकर पीटा। किसी तरह शरद ने फोन कर सूचना अपने परिवारजन को दी।
भाई विपिन और पिता रामधर शरद को छुड़ाने के लिए पहुंचे तो उनसे भी मारपीट की गई और उन्हें भी बंधक बना लिया। जानकारी पर पीड़ित लालता बालागंज चौकी पहुंचे जहां से पुलिस के साथ वह लान में गए। आरोप है कि वहां पुलिस के सामने मारपीट और धक्कामुक्की की गई।
सूचना पर ठाकुरगंज थाने से अतिरिक्त पुलिस फोर्स पहुंची और पीड़ितों को बाहर निकाला। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि लान मालिक और कर्मचारी में रुपयों का विवाद है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।