शिमला में एलपीजी आपूर्ति बाधित, गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, उपभोक्ता परेशान
LPG Supply Disrupted in Shimla
शिमला। LPG Supply Disrupted in Shimla, हिमाचल प्रदेश में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति अब तक सुचारू नहीं हो पाई है। ईरान युद्ध के कारण बिगड़ी स्थिति अब तक सही नहीं हुई है। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के साथ-साथ समय पर आपूर्ति न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिमला में टूटू के नजदीक कैंची मोड़ के पास शनिवार सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, यहां उपभोक्ता घंटों तक सिलेंडर मिलने का इंतजार करते रहे।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए उपभोक्ता भी सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर खड़े रहे। लोगों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि सुबह जल्दी पहुंचने पर उन्हें सिलेंडर मिल जाएगा, लेकिन सप्लाई में देरी के कारण उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
एजेंसी स्टाफ के मोबाइल नंबर बंद
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी संचालक और कर्मचारियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर रखे थे। इस वजह से लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पाई कि सिलेंडर कब उपलब्ध होंगे। कई लोगों ने कहा कि यदि समय पर सही सूचना मिल जाती, तो उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ती।
निगरानी रखने की जरूरत
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी और सिलेंडर उपलब्ध हो। साथ ही, ऐसी स्थिति दोबारा न बने इसके लिए उचित कदम उठाए जाएं।